कांग्रेस ने चलाया अभियान, प्रतिज्ञा पथ को दिया उत्तराखण्ड नाम
विभिन्न सामाजिक संगठनों, किसान, कर्मचारी, टैक्सी यूनियनों एवं पार्टी जनों से की समस्याआं पर चर्चा
रुद्रप्रयाग। कांग्रेस पार्टी की ओर से आम जनता से राय मशवरा कर अपने घोषणा पत्र को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आम जन की भावना को अपने घोषणा पत्र में जगह देने की इस कवायत को कांग्रेस ने अपना प्रतिज्ञा पत्र कहा है और इस पूरे अभियान को उत्तराखण्ड नव निर्माण की बात कांग्रेस के साथ प्रतिज्ञा पथ पर उत्तराखण्ड नाम दिया है। इस अभियान के तहत अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के समन्वयक एवं राजस्थान पेशेवर कांग्रेस के सदस्य अभि शर्मा एवं नरेन्द्र सिरसावा ने रुद्रप्रयाग जनपद में दो दिनों का भ्रमण कर आम जन मानस से उनकी समस्याओं को सुनकर उन्हें आश्वस्त किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनते ही उनकी समस्याओं के समाधान के लिए गम्भीरता से कार्य किए जायेंगे। क्योंकि यह कांग्रेस का मात्र घोषणा पत्र नहीं है, यह प्रतिज्ञा एवं संकल्प का दस्तावेज है। इन दो दिनों में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के समन्वयकों ने तिलवाड़ा, जखोली, मयाली, रुद्रप्रयाग, ऊखीमठ, भारी, चन्द्रापुरी, अगस्त्यमुनि आदि स्थानों पर समाज के हर तबके से मिलकर वार्ता की। इसमें आम जन, किसान, व्यापारी, विभिन्न सामाजिक संगठन, कर्मचारी संगठनों, टैक्सी यूनियनों एवं पार्टी जनों से मिलकर उनकी समस्याओं पर चर्चा की गई।

कई संगठनों ने वन्य जीवों से सुरक्षा, मूल निवास, भू कानून एवं भूमि बन्दोबस्त, हर जिले की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण एवं विकास, हर जिले के एक उत्पाद का संरक्षण एवं विकास, प्रदेश में मुक्केबाजी एवं भारोतोलन को राज्य का खेल घोषित कर इन खेलों के लिए हर जिले में आधारभूत ढ़ांचा खड़ा करने की मांग, आपदा के समय व्यापारियों को भी मुआवजा का प्रावधान, सड़क चौड़ीकरण करने से उजड़े बाजार के व्यापारियों को उचित मुआवजा एवं पुनर्वास का प्रावधान, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सीएचसी तक विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति एवं संसाधनों का विकास, कर्मचारी संगठनों की मांग यथा स्थानान्तरण एक्ट, पुरानी पैंशन बहाली, पदोन्नति एवं सवर्ण आयोग के गठन की मांग को आदि घोषणा पत्र में सम्मिलित करने की मांग की गई। वहीं समन्वयकों द्वारा सभी को आश्वस्त किया कि वे उनकी भावनाओं को अखिल भारतीय घोषणा पत्र समिति के साथ ही प्रदेश स्तरीय समिति तक पहुंचायेंगे। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि पार्टी जनभावना का आदर कर उनकी मांगों को अपने घोषणा पत्र में स्थान देते हुए इसे पूर्ण करने का संकल्प लेगी। अगस्त्यमुनि बैठक में प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विक्रम झिंक्वाण, जिला मंत्री दिनेश भट्ट, ब्लॉक अध्यक्ष अनूप नेगी, मंत्री त्रिलोक रावत, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हरीश गुसाईं, पूर्व प्रमुख विनोद चन्द्रा, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष रमेश आर्य, कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्रमोद गुसाईं, युवा नेता राजेन्द्र भण्डारी आदि रहे।
