डबल इंजन की सरकार ने बहाई विकास की गंगा: धामी
सीएम धामी ने जखोली में किया जनसभा को संबोधित,
भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के पक्ष में मांगे वोट,
जखोली/रुद्रप्रयाग। केंद्र और राज्य डबल इंजन की सरकार ने प्रदेश के हर जिले, कस्बे और गांव में विकास की गंगा बहाई है। जनपद रुद्रप्रयाग को एक आदर्श जिला बनाने के साथ ही चारों धामों का विकास किया जाएगा। केदारनाथ धाम संवर गया है और शेष कार्य जारी हैं।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa0063265207079232755973-1024x576.jpg)
जखोली में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में देश का गौरव बढ़ा है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड ने गरीब लोगों के इलाज में अहम भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने जनता से गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के समर्थन में वोट मांगे। साथ ही कहा कि विकास के लिए प्रधानमंत्री को मजबूत करने के लिए उत्तराखंड की पांचों सीटों पर भाजपा के प्रत्याशियों को जिताएं। मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास योजनाओं और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़े फैसले लेने की जनता के बीच सराहना करते हुए कहा है कि आने वाला समय उत्तराखंड का होगा। उन्होंने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की भी जनता को जानकारियां देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आम जनमानस के भविष्य को संवारने के लिए कार्य कर रही है, जबकि कांग्रेस ने सदैव देश की जनता को लूटने का काम किया है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa0062854598573244556016-1024x683.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00644524573125776053754-1024x683.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00687596754775715449725-1024x681.jpg)
सभा में गढ़वाल संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी ने क्षेत्रीय जनता का आर्शीवाद लेते हुए कहा कि वह पहाड़ की जनता की सेवा के लिए संसद में पैरवी करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व आमजन के लिए विकास कार्य कर रही है और आने वाले समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भ्रष्टाचार को जड़ से समाप्त करने का काम करेंगे। उन्होंने क्षेत्र की जनता से आर्शीवाद एवं समर्थन मांगा। रुद्रप्रयाग विधायक भरत चैधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के अथक प्रयासों से रुद्रप्रयाग विधानसभा के अन्तर्गत 45 करोड़ की लागत से राजीव गांधी नवोदय विद्यालय सुमाड़ी भरदार तथा 21 करोड़ की लागत से कोठगी में नर्सिग कालेज का निर्माण कार्य गतिमान है और कई करोड़ों की लागत से विभिन्न मोटर मार्गों का डामरीकरण व विस्तारीकरण कार्य चल रहा है। जिला पंचायत अध्यक्ष अमरदेई शाह, भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार, भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सविता भंडारी ने भी रैली को संबोधित किया, जबकि संचालन जिला महामंत्री भरत भूषण भटट ने किया।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00675017131400746237724-1024x682.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00694105711339950838118-1024x731.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00658513856310376601689-1024x681.jpg)
इससे पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जखोली आगमन पर जनप्रतिनिधियों, भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका ढोल-नगाड़ो व फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री ने ब्लॉक परिसर में शहीद स्मारक पर अमर शहीदों का माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। आरती रावत ने अपने स्वरचित गीतों से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के पक्ष में मतदान करने का आहवान किया। इस मौके पर बद्री केदार मन्दिर समिति अध्यक्ष अजेन्द्र अजय, लोकसभा संयोजक विजय कप्रवाण, गढ़वाल लोकसभा से आर्थिक प्रकोष्ठ के संयोजक कुलदीप रावत, शकुन्तला जगवाण, वाचस्पति सेमवाल, जिला पंचायत सदस्य शीला रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन्त तिवारी, उद्योगपति मोहन काला, जनपद प्रभारी ऋषि कंडवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश उनियाल, विधानसभा रैली प्रमुख भूपेन्द्र भंडारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष प्रदीप राणा, मीडिया प्रभारी सतेन्द्र बर्त्वाल, मंडल अध्यक्ष धूम सिंह राणा, जय प्रकाश सेमवाल, यशवीर चौहान, सरला खंडूरी, छात्र संघ अध्यक्ष शीतल नेगी सहित कई सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00421277730760962783772-1024x769.jpg)
दो दर्जन लोग हुए भाजपा में शामिल-
जखोली। शनिवार को जखोली में आयोजित कार्यक्रम में यूकेडी जिलाध्यक्ष बुद्धिबल्ल ममगाईं, ज्येष्ठ प्रमुख नागेंद्र सिंह पंवार, मकान सिंह मेघवाल, रमेश राणा सहित दो दर्जन लोगों ने भाजपा का दामन थामा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, लोकसभा चुनाव में गढ़वाल सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी, भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार ने सभी लोगों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री द्वारा भाजपा में शामिल हुए लोगों का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। यूकेडी जिलाध्यक्ष बुद्धिबल्लभ ममगांई के भाजपा में शामिल होने से जिले में उक्रांद की बुरी दशा हो गई है। अब फिलहाल जिले में उक्रांद नेतृत्व विहीन दिखाई दे रही है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00403284807089163815399-1024x539.jpg)
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00436954037319613154753-1024x769.jpg)
भाजपा को मिलेगा करारा जवाब: थपलियाल
जखोली। रुद्रप्रयाग विधानसभा से पूर्व में कांग्रेस प्रत्याशी रहे जखोली ब्लाॅक के क्षेत्र पंचायत प्रमुख जखोली प्रदीप थपलियाल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री ने केवल चुनाव में ही जनता के बीच जखोली में दर्शन दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को जखोली में होने वाले प्रति वर्ष कृषि औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले में आमन्त्रित किया जाता है, मगर सीएम ने कभी भी जखोली विकासखण्ड का दौरा नहीं किया और अब चुनाव में भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगने के लिए जखोली का दौरा किया है। उन्होंने इसे जनता के साथ नाइंसाफी बताते हुए कहा कि भाजपा ने कांग्रेस शासन काल में स्वीकृत विकास योजनाओं को बंद करने का काम किया है। प्रमुख जखोली प्रदीप थपलियाल ने कहा कि भाजपा ने जखोली दिग्धार में स्वीकृत सैनिक स्कूल का काम बंद किया है, जबकि जखोली ब्लाॅक के चिरबटिया में कृषि महाविद्यालय व पर्यटन डेस्टिनेशन केंद्र चिरबटिया को भी ठंडे बस्ते में डाल कर विकास कार्यों में अवरोध पैदा करने का काम किया है। जिले के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है और आज चुनाव के समय लोगों को बरगलाने का काम किया जा रहा है। उन्होंने जनता से भाजपा की विकास विरोधी सोच का कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल के पक्ष में मतदान कर करारा जवाब देने की अपील की है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/image_editor_output_image-1625588201-17124141604777400675592569867542-300x171.jpg)