उक्रांद जिलाध्यक्ष ने दल को दिया जोरदार झटका
दल से इस्तीफा देकर थामा भाजपा का दामन
केदारनाथ और रुद्रप्रयाग विधानसभाओं में कांग्रेस व उक्रंाद हो रही कमजोर,
रोहित डिमरी
रुद्रप्रयाग। गढ़वाल लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी को उक्रंाद जिलाध्यक्ष बुद्धिबल्लभ ममगांई का समर्थन मिला है। शनिवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी के जखोली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यूकेडी जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए। जिले में कांग्रेस के साथ अब भाजपा यूकेडी को भी कमजोर करने में जुटी हुई है, जिससे भाजपा दिन-ब-दिन मजबूत होती दिखाई दे रही है और कांग्रेस के बाद अब उक्रंाद कार्यकर्ताओं के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ने लगी हैं।
आगामी 19 अप्रैल को लोकतंत्र की मजबूती को लेकर प्रदेश में मतदान होना है। जहां मतदान की तारिख नजदीक आ रही है, वहीं भाजपा कांग्रेस के साथ ही उत्तराखण्ड क्रांति दल को कमजोर करने में जुटी हुई है। जिले की दोनों विधानसभाओं में उक्रंाद के करीब दस हजार समर्थक हैं, वहीं कांग्रेस के 35 हजार के करीब समर्थक हैं। ऐसे में इन समर्थकों के वोट बैंक को लेकर पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों को भाजपा में शामिल करवाया जा रहा है, जिससे दोनों ही पार्टियां जिले में कमजोर होती जाए और लोगों का मन भाजपा के लिए बने।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00403297496749900964971-1024x539.jpg)
कांग्रेस से जहां वरिष्ठ सर्जन डाॅ आनंद सिंह बोंहरा, जिला पंचायत सदस्य ज्योति सुमरियाल, सुमन नेगी के साथ ही आप नेता सुमंत तिवारी अपने समर्थकों के साथ पहले ही भाजपा का दामन थाम चुके हैं, वहीं शनिवार को उक्रांद जिलाध्यक्ष बुद्धिबल्लभ ममगांई ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ सीएम पुष्कर सिंह धामी के जखोली में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा का पट्टा धारण किया। जिस कारण जिले में कांग्रेस और यूकेडी कमजोर होती दिखाई दे रही है। भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी भी जीत को लेकर जीतोड़ मेहनत में जुटे हुए हैं और वे जिले का लगातार तूफानी दौरा कर रहे हैं, जबकि भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी लोगों को भाजपा से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। कांग्रेस और यूकेडी के लोकप्रिय नेताओं को भाजपा में लाने की जीतोड़ मेहनत में जुटे हुए हैं, जिससे पार्टी प्रत्याशी की जीत पक्की की जा सके।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa01048461518653420223648-1024x768.jpg)
सनातन धर्म को आगे बढ़ा रही भाजपा: बुद्धि
रुदप्रयाग। उक्रंाद जिलाध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हुए बुद्धिबल्लभ ममगांई ने कहा कि भाजपा सनातन धर्म को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पुष्कर सिंह धामी की जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग के तबके को मिल रहा है। योजनाओं को धरातल पर उतारने का कार्य चल रहा है। इसलिए भाजपा का दामन थामा है। भाजपा के सानिध्य में रहने से ही जिले का विकास संभव है। इसी परिकल्पना को लेकर उक्रंाद से इस्तीफा देकर भाजपा की सदस्यता ली है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/img-20240406-wa00595201258004851210200-768x1024.jpg)
पीएम की लोकप्रियता का कमाल: पंवार
रुद्रप्रयाग। भाजपा जिलाध्यक्ष महावीर पंवार ने कहा कि केन्द्र की मोदी सरकार के दस वर्ष का कार्यकाल सराहनीय रहा है। इसके साथ ही प्रदेश सरकार ने 7 सालों में जिले में अनेक विकास कार्य किए हैं। पीएम मोदी की लोकप्रियता को देखते हुए जिले में भारी संख्या में लोग भाजपा का दामन थाम रहे हैं। बड़ी संख्या में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी भाजपा में शामिल रहे हैं, जबकि अब उत्तराखण्ड कांति दल के कार्यकर्ता भी भाजपा की सदस्यता लेने में ही भलाई समझ रहे हैं।
यूकेडी को नहीं पड़ेगा फर्क: भगत
रुद्रप्रयाग। यूकेडी जिलाध्यक्ष के भाजपा का दामन थामने से कार्यकर्ताओं के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ने लगी हैैं और उन्हें अब समझ नहीं आ रहा है कि जब कार्यकर्ताओं के नेतृत्व ने ही साथ छोड़ दिया है तो वे अब किस पर भरोसा करें। लम्बे समय से जिले की समस्याओं को लेकर आवाज उठाने वाले वरिष्ठ नेता ही जब भाजपा का दामन थाम लेंगे तो कार्यकर्ताओं का हौंसला टूटना लाजमी है। हालांकि उक्रांद के वरिष्ठ नेता भगत चौहान ऐसा नहीं मानते हैं। उन्होंने कहा कि उक्रंाद जिलाध्यक्ष बुद्धिबल्लभ ममगांई के पार्टी छोड़ने से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। अपने स्वार्थ के खातिर ऐसा करना, उचित नहीं है। ऐसे लोग अपनी जुबान से कब पलट जांए, कहा नहीं जा सकता है। कहा कि सही समय पर ऐसे लोगों का पता चलना भी जरूरी है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2024/04/image_editor_output_image-76449310-17124134665825166741837331297678-300x211.jpg)