Jul 02, 2026

मानसून में सतर्कता के साथ करें केदारनाथ धाम की यात्रा, प्रशासन के दिशा-निर्देशों का करें पालन : डीएम

post-img

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम की यात्रा वर्तमान में सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो रही है। हालांकि मानसून की सक्रियता के कारण मौसम लगातार बदल रहा है। ऐसे में जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से विशेष सतर्कता बरतते हुए यात्रा करने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि मानसून के दौरान लगातार वर्षा तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश समाप्त होने के कारण यात्रियों की संख्या में स्वाभाविक कमी आई है, लेकिन इसके बावजूद केदारनाथ यात्रा निर्बाध रूप से जारी है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तरह सुनिश्चित की गई हैं तथा प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि यात्रा शुरू करने से पहले अपना स्वास्थ्य परीक्षण अवश्य कराएं और चिकित्सकीय रूप से स्वयं को यात्रा के लिए सक्षम सुनिश्चित करें। साथ ही रेनकोट, छाता, गर्म कपड़े, आवश्यक दवाइयां तथा अन्य जरूरी सामान साथ लेकर ही यात्रा पर निकलें, ताकि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान यात्रा मार्ग के कुछ हिस्से भूस्खलन और पत्थर गिरने की दृष्टि से संवेदनशील रहते हैं। ऐसे में यात्रियों को पूरी सावधानी के साथ यात्रा करनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की जल्दबाजी से बचना चाहिए। यदि मौसम अथवा मार्ग की स्थिति को देखते हुए प्रशासन सुरक्षा कारणों से कुछ समय के लिए यात्रा रोकने या किसी स्थान पर प्रतीक्षा करने के निर्देश देता है, तो श्रद्धालु धैर्यपूर्वक उनका पालन करें।

उन्होंने कहा कि शासन, जिला प्रशासन और आपदा परिचालन केंद्र द्वारा समय-समय पर जारी किए जाने वाले दिशा-निर्देश यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखकर जारी किए जाते हैं। इसलिए श्रद्धालु केवल प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि वे एक जिम्मेदार तीर्थयात्री के रूप में प्रशासन का सहयोग करें तथा अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अन्य यात्रियों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सहयोग और सतर्कता से श्री केदारनाथ धाम यात्रा सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।