Jul 02, 2026

रुद्रप्रयाग में पर्यावरण मित्रों का संगठन हुआ मजबूत, नई जिला कार्यकारिणी का गठन

post-img

देवभूमि उत्तराखंड सफाई संघ से जुड़ने का आह्वान, कर्मचारियों के हितों और अधिकारों की लड़ाई का लिया संकल्प,

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग के विभिन्न नगर निकायों—रुद्रप्रयाग, तिलवाड़ा, अगस्त्यमुनि, ऊखीमठ एवं गुप्तकाशी—में कार्यरत पर्यावरण मित्रों की एक संयुक्त बैठक नगर पंचायत तिलवाड़ा में आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण मित्रों के हितों की सुरक्षा, संगठन को मजबूत बनाने तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में वक्ताओं ने सभी पर्यावरण मित्रों से देवभूमि उत्तराखंड सफाई संघ से जुड़कर संगठन को सशक्त बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठित होकर ही कर्मचारी अपने अधिकारों की प्रभावी ढंग से आवाज बुलंद कर सकते हैं और कार्यस्थलों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सरकार एवं संबंधित विभागों के समक्ष अपनी मांगों को मजबूती से रख सकते हैं।

इस अवसर पर सर्वसम्मति से देवभूमि उत्तराखंड सफाई संघ, जनपद रुद्रप्रयाग की नई जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया। नई कार्यकारिणी में कैलाश खत्री को संरक्षक, मनीष गोड़ियाल को जिलाध्यक्ष, आनंद गोड़ियाल को उपाध्यक्ष, मनोज कुमार को महामंत्री, राजीव को मुख्य सलाहकार, परशुराम को महासचिव, सुंदर पार्छा को संगठन मंत्री, रिंकू भैरवाल को कोषाध्यक्ष तथा घनश्याम सिंह को प्रचार मंत्री चुना गया। इसके अलावा गुड्डू, गौरव चौटाला, गुलशन, अर्जुन और भौरी चंद को कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया।

नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लेते हुए कहा कि पर्यावरण मित्रों के हितों की रक्षा, उनकी समस्याओं के समाधान और कर्मचारियों के अधिकारों के लिए संगठन निरंतर संघर्ष करता रहेगा।

बैठक का समापन संगठन की एकता बनाए रखने तथा अधिक से अधिक पर्यावरण मित्रों को संघ से जोड़कर उसे और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।