मुख्य विकास अधिकारी बोले— समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट कार्यशैली की मिसाल रहीं अनीता पंवार,
रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में जिला विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत अनीता पंवार के सहायक परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण देहरादून के पद पर स्थानांतरण होने पर ग्राम्य विकास विभाग द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
अनीता पंवार ने 17 जून 2023 को जनपद रुद्रप्रयाग में जिला विकास अधिकारी के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। अपने तीन वर्षों से अधिक के कार्यकाल के दौरान उन्होंने ग्राम्य विकास से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया। अपने मूल दायित्वों के साथ-साथ उन्होंने परियोजना निदेशक एवं सहायक परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के दायित्वों का भी कुशलतापूर्वक निर्वहन किया।
वर्ष 2023 से 2026 तक आयोजित केदारनाथ यात्रा के दौरान उन्होंने सहायक नोडल अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, समर्पण और दक्षता के साथ निर्वहन किया। इसके अतिरिक्त पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव जैसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक दायित्वों के सफल संचालन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि अनीता पंवार ने जिला विकास अधिकारी के रूप में अपने कार्यकाल में उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, अनुशासन, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली सदैव परिणामोन्मुख रही और उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी धैर्य एवं दूरदर्शिता के साथ निर्णय लेकर विभाग को नई दिशा प्रदान की।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि केदारनाथ यात्रा जैसे चुनौतीपूर्ण दायित्वों से लेकर विभिन्न विकास एवं प्रशासनिक कार्यों के सफल संचालन तक उनका योगदान सदैव सराहनीय रहेगा। उनका सरल स्वभाव, सकारात्मक सोच तथा कर्मचारियों के प्रति सहयोगात्मक दृष्टिकोण उन्हें एक कुशल प्रशासक के साथ-साथ प्रेरणादायी मार्गदर्शक भी बनाता है।
विदाई समारोह में खंड विकास अधिकारी अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, जिला उद्यान अधिकारी आर.पी. जसोला, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, मुख्य कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट, जिला सूचना अधिकारी के.एल. टम्टा, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, अंकित रावत, सुखवीर बिष्ट सहित ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन किशन रावत ने किया।