Jul 03, 2026

नदियां उफान पर, पूरा रुद्रप्रयाग अलर्ट मोड पर, डीएम बोले—जनसुरक्षा से कोई समझौता नहीं

post-img

रुद्रप्रयाग। जनपद में लगातार हो रही बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कहा कि मानसून के दौरान जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। संभावित आपदाओं से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है और जिला आपदा प्रबंधन तंत्र 24 घंटे सक्रिय है।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद की सभी प्रमुख नदियों, गाड़-गदेरों के जलस्तर और वर्षा की मात्रा की प्रतिदिन नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर संवेदनशील एवं संभावित जोखिम वाले क्षेत्रों का लगातार आकलन किया जा रहा है तथा समय-समय पर आमजन को आवश्यक चेतावनी एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका को देखते हुए प्रशासन विभिन्न माध्यमों से लोगों को लगातार जागरूक कर रहा है। स्थानीय स्तर पर मुनादी एवं सार्वजनिक घोषणाओं के जरिए नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की जा रही है। जिन क्षेत्रों में खतरे की आशंका अधिक है, वहां एहतियातन लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित भी किया जा रहा है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों एवं चारधाम यात्रियों से अपील की कि मानसून के दौरान किसी भी नदी, नाले या गाड़-गदेरों के किनारे स्थायी अथवा अस्थायी ठिकाने न बनाएं और न ही वहां किसी प्रकार की गतिविधियां संचालित करें। खराब मौसम में नदी तटों की ओर जाने से बचें तथा प्रशासन एवं मौसम विभाग द्वारा जारी सभी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

उन्होंने बताया कि जिला आपदा परिचालन केंद्र (ईओसी) 24×7 संचालित किया जा रहा है। किसी भी आपदा या आपात सूचना मिलने पर संबंधित विभागों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए जाते हैं। आवश्यकता पड़ने पर त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाकर जन-धन की हानि को न्यूनतम रखने का प्रयास किया जाता है।

डीएम ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग सहित नदियों एवं जलधाराओं के आसपास कार्यरत सभी विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी प्रकार की असामान्य स्थिति या संभावित खतरे की सूचना तत्काल जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

अंत में जिलाधिकारी ने नागरिकों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल प्रशासन तथा मौसम विभाग द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जिला आपदा परिचालन केंद्र अथवा संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें। जिला प्रशासन हर चुनौतीपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार और प्रतिबद्ध है।