Apr 23, 2026

टनल में मिट्टी धंसने से मचा हड़कंप, बाल-बाल बचे श्रमिक, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट की इमरजेंसी टनल 7बी में हुआ हादसा

post-img

रुद्रप्रयाग। जनपद में निर्माणाधीन ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे प्रोजेक्ट के तहत बीती सोमवार रात एक टनल में अचानक मिट्टी धंसने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और समय रहते स्थिति पर काबू पा लिया गया।

जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी जवाड़ी से लगभग 1.5 किलोमीटर की दूरी पर स्थित इमरजेंसी टनल 7बी पैकेज में निर्माण कार्य के दौरान देर रात करीब 11ः30 बजे टनल के अंदर अचानक मिट्टी का धंसाव हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रमिकों और कर्मचारियों में कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया।

पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही संबंधित एजेंसियां सतर्क हो गईं। वहीं, निर्माण कार्य देख रही कंपनी के जनसंपर्क अधिकारी महेश भट्ट के अनुसार, इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और सभी श्रमिक सुरक्षित हैं।

कंपनी की तकनीकी टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। फिलहाल टनल में कार्य सामान्य रूप से संचालित किया जा रहा है।

प्रशासन और कंपनी की ओर से लोगों से अपील की गई है कि इस घटना को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।