Apr 29, 2026

विधायक बंशीधर भगत पर मुकदमे की मांग, एसपी को सौंपा शिकायती पत्र,

post-img

रुद्रप्रयाग। कालाढूंगी से विधायक बंशीधर भगत के कथित विवादित बयान को लेकर रुद्रप्रयाग में मामला गरमा गया है। पूर्व विधायक प्रत्याशी मोहित डिमरी ने बुधवार को पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर को शिकायती पत्र सौंपकर विधायक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि उत्तराखंड विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर चर्चा करते हुए विधायक ने महिलाओं के प्रति अमर्यादित और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया। शिकायतकर्ता का कहना है कि यह बयान न केवल सदन की गरिमा के विपरीत है, बल्कि माताओं-बहनों के सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला है।

पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इससे पूर्व भी विधायक द्वारा सार्वजनिक मंचों से हिंदू आराध्य देवियों के प्रति अपमानजनक टिप्पणी की जा चुकी है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।

शिकायतकर्ता ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में महिलाओं का स्थान सर्वोपरि है, ऐसे में जनप्रतिनिधि द्वारा इस तरह की भाषा का प्रयोग समाज में गलत संदेश देता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से तत्काल एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की

है।