Apr 29, 2026

केदारनाथ यात्रा में अवैध डेरों पर प्रशासन का कड़ा प्रहार, 6 हटाए, लाइसेंस ब्लॉक की भी कार्रवाई,

post-img

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया है। पैदल यात्रा मार्ग पर अनाधिकृत रूप से लगाए गए टेंट और डेरों पर कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने कुल 6 अवैध डेरे हटाए हैं। साथ ही नियम उल्लंघन करने वालों पर चालान और लाइसेंस ब्लॉक करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशानुसार बुधवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट, सहायक सेक्टर अधिकारी एवं एमटीएफ सेक्टर लिनचोली की संयुक्त टीम ने पैदल मार्ग का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान थारू कैंप में 2, छोटी लिनचोली में 3 और अन्य स्थानों पर 1 सहित कुल 6 अनाधिकृत डेरों को तत्काल प्रभाव से हटाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रा मार्ग पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार का टेंट या डेरा लगाना पूर्णतः प्रतिबंधित है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इसके अलावा घोड़ा-खच्चर संचालन में भी अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए कई संचालकों के चालान काटे हैं। आवश्यक दस्तावेजों की कमी और निर्धारित मानकों का पालन न करने वाले संचालकों के लाइसेंस ब्लॉक करने की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित व्यक्तियों और संचालकों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे शासन द्वारा निर्धारित मानकों और नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। प्रशासन का कहना है कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता बनी रहेगी।