रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में चल रही यात्रा इन दिनों अपने चरम पर है। देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन को लेकर पहुंच रहे हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता बना हुआ है।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में धाम परिसर तथा यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है। इसी क्रम में बुधवार को धाम क्षेत्र में बम डिस्पोजल स्क्वाड (बीडीएस) टीम द्वारा विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
बीडीएस टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से श्रद्धालुओं के सामान और बैगों की गहन जांच की। इसके साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चैबंद रखा जा सके।
पुलिस प्रशासन का स्पष्ट निर्देश है कि सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। नियमित रूप से चलाए जा रहे इन अभियानों का उद्देश्य किसी भी संभावित अप्रिय घटना को रोकना और श्रद्धालुओं के मन में सुरक्षा का विश्वास बनाए रखना है। जनपद पुलिस ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा जांच के दौरान सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस चैकी या ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को दें। प्रशासन श्रद्धालुओं की सुरक्षित और मंगलमय यात्रा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।