Apr 29, 2026

अवैध अंग्रेजी शराब के साथ नेपाली अभियुक्त गिरफ्तार, केदारनाथ यात्रा पड़ावों में अवैध तरीके से शराब बेच रहे नेपाली मूल के लोग,

post-img

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के उद्देश्य से जनपद पुलिस द्वारा अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना गुप्तकाशी पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक नेपाली मूल के व्यक्ति को अवैध अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने जनपद के सभी थाना एवं चैकी प्रभारियों को यात्रा के दौरान अवैध शराब के भंडारण, विक्रय एवं तस्करी पर सख्त नजर रखते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इन निर्देशों के अनुपालन में गुप्तकाशी पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका, जिसकी तलाशी लेने पर उसके पास से 14 बोतल मैकडॉवेल्स नंबर वन व्हिस्की बरामद हुई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत न कर पाने पर पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान वीरेंद्र सिंह बहादुर, पुत्र दलबहादुर, निवासी जिला सुरखेत (नेपाल), वर्तमान निवासी लाल बाजार, कोतवाली सोनप्रयाग के रूप में हुई है। पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली गुप्तकाशी में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान अवैध गतिविधियों पर सख्ती से अंकुश लगाया जा रहा है और इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।