May 12, 2026

केदारनाथ धाम में गूंजा “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” का संदेश, श्रद्धालुओं ने देखा राष्ट्रीय कार्यक्रम का सजीव प्रसारण

post-img

आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा के गौरव से जुड़ा भव्य आयोजन बना श्रद्धा का केंद्र,

रूद्रप्रयाग। भारत सरकार एवं उत्तराखण्ड शासन के निर्देशानुसार आयोजित “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व 1000 अटूट आस्था के वर्ष कार्यक्रम के तहत सोमवार को विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम में गुजरात स्थित सोमनाथ मंदिर से प्रसारित राष्ट्रीय कार्यक्रम का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सजीव प्रसारण किया गया।

श्री केदारनाथ मंदिर परिसर, आस्था पथ एवं टोकन काउंटर सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों पर लगाए गए एलईडी स्क्रीन के जरिए हजारों श्रद्धालुओं, तीर्थ पुरोहितों एवं स्थानीय लोगों ने कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा। इस दौरान सोमनाथ मंदिर की गौरवशाली ऐतिहासिक विरासत, भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और राष्ट्र की आध्यात्मिक चेतना से जुड़े प्रेरणादायक संदेश प्रसारित किए गए।

केदारनाथ धाम पहुंचे श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम को बड़े उत्साह एवं श्रद्धा भाव से देखा। श्रद्धालुओं ने कहा कि “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की अटूट आस्था, सांस्कृतिक स्वाभिमान और सनातन सभ्यता की अविरल यात्रा का जीवंत प्रतीक है।

कार्यक्रम के माध्यम से देश की सांस्कृतिक एकता, आध्यात्मिक चेतना एवं भारतीय सभ्यता की गौरवशाली परंपरा का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। केदारनाथ धाम जैसे पवित्र तीर्थ स्थल पर इस कार्यक्रम के प्रसारण ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार किया।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1026 ईस्वी में सोमनाथ मंदिर पर हुए प्रथम आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने तथा मंदिर के पुनरुद्धार के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में देशभर में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह आयोजन भारत की अटूट श्रद्धा, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और सनातन परंपरा की अमर चेतना का प्रतीक माना जा रहा है।