रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाए रखने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी सख्ती के साथ मैदान में उतर चुकी है। पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर के निर्देशन में यात्रा मार्ग पर लगातार विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सोनप्रयाग पुलिस ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले दो वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें मौके पर सीज कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस द्वारा चेकिंग के दौरान हरियाणा नंबर की एक स्कॉर्पियो (एचआर 26 एफआर 8474) को रोका गया। वाहन पर अवैध रूप से पुलिस की नीली-लाल बत्ती, हूटर तथा ‘एस्कॉर्ट’ के साथ पुलिस का चिन्ह लगाया गया था। जांच में सामने आया कि चालक टोल टैक्स से बचने और आम यात्रियों पर रौब जमाने के उद्देश्य से पुलिस पहचान का दुरुपयोग कर रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ सोनप्रयाग राकेन्द्र कठैत ने तत्काल वाहन को सीज करने की कार्रवाई की।
वहीं दूसरी कार्रवाई में राजस्थान नंबर की स्विफ्ट कार (आरजे 44 सीए 9337) के चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा गया। एल्कोमीटर जांच में शराब पीने की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने पहाड़ी और संवेदनशील यात्रा मार्ग पर यात्रियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में वाहन को मौके पर सीज कर दिया।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़, यातायात नियमों का उल्लंघन और पुलिस अधिकारों का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यात्रा मार्ग पर लगातार चेकिंग, निगरानी और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि बाबा केदार के दर्शन को आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और निर्बाध बनी रहे।