Jun 09, 2026

सोनप्रयाग में भारी जाम, घंटों फंसे रहे हजारों श्रद्धालु, वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया प्रशासन

post-img

रुद्रप्रयाग। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान मंगलवार को सोनप्रयाग क्षेत्र में भारी जाम लगने से हजारों श्रद्धालुओं को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह से ही यात्रा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे बाइक, कारों के साथ-साथ पैदल यात्रियों की आवाजाही भी प्रभावित हो गई।

 

जाम की स्थिति इतनी गंभीर रही कि कई श्रद्धालु सड़क किनारे बैठकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्ग यात्रियों को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

 

बताया जा रहा है कि बीते 10 मई को सोनप्रयाग में भारी भीड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसके बाद मंगलवार, 12 मई को जाम का एक और वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। लगातार सामने आ रहे ऐसे वीडियो यात्रा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो के बाद पुलिस और प्रशासन भी सक्रिय हो गया है तथा यात्रा मार्ग पर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए नई रणनीतियों पर काम किया जा रहा है।

 

श्रद्धालुओं का कहना है कि यात्रा सीजन में लगातार बढ़ रही भीड़ और वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण सोनप्रयाग में आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। यात्रियों ने प्रशासन से ट्रैफिक प्रबंधन को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं को घंटों सड़क पर फंसकर परेशान न होना पड़े और यात्रा सुचारु रूप से संचालित हो सके।

 

वहीं, व्यापार संघ अध्यक्ष अंकित गैरोला ने कहा कि यात्रा के दौरान भारी भीड़ के चलते जाम की स्थिति बन रही है, लेकिन पुलिस प्रशासन, स्थानीय व्यापारी और यात्रा व्यवस्था में जुटी टीमें लगातार भीड़ नियंत्रण और यातायात संचालन में पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को राहत दिलाने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।