रूद्रप्रयाग। केदारनाथ एवं बदरीनाथ धाम यात्रा के बीच सोमवार को रुद्रप्रयाग जनपद में अचानक मौसम खराब होने से दो हेलीकॉप्टरों की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। घटना के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में हलचल का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों हेलीकॉप्टरों में सवार सभी यात्री और पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार सवा पांच बजे करीब एक हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ से सेरसी की ओर उड़ान भर रहा था, जबकि दूसरा हेलीकॉप्टर देहरादून से फाटा जा रहा था। इसी दौरान गुप्तकाशी और ऊखीमठ क्षेत्र में अचानक मौसम ने करवट बदल ली। तेज बादल और खराब विजिबिलिटी को देखते हुए दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलटों ने सतर्कता बरतते हुए अगस्त्यमुनि क्रीड़ा मैदान में सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई।
बताया गया कि दोनों हेलीकॉप्टरों में पायलट सहित कुल 10 लोग सवार थे। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कुछ देर बाद मौसम सामान्य होने पर दोनों हेलीकॉप्टरों ने पुनः सुरक्षित उड़ान भर ली।
घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में तेजी से बदलते मौसम की चुनौती को उजागर कर दिया है। चारधाम यात्रा के दौरान हेलीकॉप्टर सेवाएं मौसम पर अत्यधिक निर्भर रहती हैं और सुरक्षा मानकों को देखते हुए खराब मौसम में एहतियातन उड़ानों को रोका या डायवर्ट किया जाता है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मौसम खराब होने के कारण एहतियात के तौर पर दोनों हेलीकॉप्टरों की अगस्त्यमुनि खेल मैदान में लैंडिंग कराई गई थी। सभी यात्री सुरक्षित हैं तथा मौसम साफ होने के बाद दोनों हेलीकॉप्टरों ने सुरक्षित टेकऑफ कर लिया।