May 01, 2026

यूट्यूब पर गूंजी भगवती चण्डिका की महिमा, तुंगेश्वरी विधाते' आरती विधिवत रूप से लॉन्च, तुंगनाथ होम स्टे' चैनल पर रिलीज हुई आरती

post-img

रिपोर्ट : लक्ष्मण सिंह नेगी 

ऊखीमठ। तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता–फलासी में जगत कल्याण हेतु तपस्यारत भगवती चण्डिका की महिमा का गुणगान करने वाली धार्मिक आरती 'तुंगेश्वरी विधाते' शुक्रवार को विधिवत रूप से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूट्यूब पर लॉन्च हो गई है। भगवती चण्डिका की आध्यात्मिक महत्ता को दर्शाती यह आरती क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के लिए विशेष आस्था का केंद्र बन गई है।

 

यह आरती तुंगनाथ होम स्टे यूट्यूब चैनल के माध्यम से रिलीज की गई है, जिसमें स्थानीय संस्कृति, परंपरा और देवी श्रद्धा की गहरी झलक देखने को मिल रही है। इस संगीतमय प्रस्तुति के माध्यम से भगवती चण्डिका की तपस्या, उनका आशीर्वाद और क्षेत्र के लोकजीवन पर उनके प्रभाव को अत्यंत भावपूर्ण तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

 

आरती के निर्माण में इनका विशेष योगदान 

गीतकार - आरती के बोल प्रसिद्ध लोक रचनाकार बलदीप बर्त्वाल द्वारा लिखे गए हैं, जिनमें दिवारा परंपरा और पौराणिक कथा को सुंदर शब्दों में पिरोया गया है।

स्वर - इस सुमधुर भजन को दिव्या सेमवाल पुरोहित ने अपनी आवाज दी है।

संगीत एवं रिकॉर्डिंग - संगीत प्रवीण पंवार ने दिया है और इसकी रिकॉर्डिंग आशीर्वाद स्टूडियो (मलेथा, टिहरी गढ़वाल) में की गई है।

छायांकन - फोटो और वीडियो में मुकेश करासी द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया है।

 

सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है दिवारा यात्रा

लेखक बलदीप बर्त्वाल के अनुसार, भगवती चण्डिका की महिमा, दिवारा यात्रा व महा बन्याथ केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है। इस आरती को सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने में सौड भटगांव निवासी जितेन्द्र सिंह बर्त्वाल व फलासी निवासी जयपाल सिंह नेगी ने विशेष सहयोग किया है।

 

धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस पहल को क्षेत्र के प्रवासी उत्तराखंडियों द्वारा भी खूब सराहा जा रहा है। लोगों का मानना है कि इस प्रकार के प्रयासों से लोक संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में बड़ी मदद मिलती है। 

 

जल्द ही आएंगे अन्य भजन और कार्यक्रम

रचनाकार बलदीप बर्त्वाल ने बताया कि आगामी दिनों में भगवती चण्डिका की महिमा, 'घर दिवारा' के चारों दिशाओं के भ्रमण से जुड़े अन्य धार्मिक कार्यक्रमों एवं भजनों का भी प्रसारण किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पावन आयोजन से जुड़ सकें। 

 

इस सराहनीय प्रयास के लिए जिला पंचायत सदस्य सम्पन्न नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य दिनेश नेगी, प्रधान हेमा नेगी, अखिलेश नेगी, आजाद खत्री, दलेप सिंह सजवाण और सरोजनी देवी ने लेखक बलदीप बर्त्वाल और उनकी पूरी टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा की है।