रुद्रप्रयाग। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) रुद्रप्रयाग द्वारा मेघा इंजीनियरिंग एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड, सुमेरपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन एवं जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष DLSA के मार्गदर्शन में सचिव श्रीमती पायल सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
शिविर के दौरान श्रमिकों को नए श्रम कानूनों—वेतन संहिता 2019, औद्योगिक संबंध संहिता 2020, सामाजिक सुरक्षा संहिता 2020 तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्य परिस्थितियां संहिता 2020—के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इस अवसर पर श्रम प्रवर्तन अधिकारी डॉ. रजत मेहता ने श्रमिकों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण, श्रमिक कार्ड बनवाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा, बीमा, पेंशन, मातृत्व लाभ और दुर्घटना सहायता योजनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
सचिव पायल सिंह ने राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) के हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी देते हुए श्रमिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, परामर्श, लोक अदालत और मध्यस्थता सेवाओं के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि श्रमिक DLSA कार्यालय, पैरालीगल वॉलंटियर्स या हेल्पलाइन के माध्यम से इन सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित श्रमिकों को उनके अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।