खबर सार: लक्ष्मण सिंह नेगी
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। तल्लानागपुर क्षेत्र के चोपता फलासी स्थित भगवती चण्डिका की पावन तपस्थली में 25 वर्षों बाद आयोजित नौ दिवसीय महा बन्याथ के दूसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। दूर-दूर से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लेकर पुण्य अर्जित किया।
दूसरे दिन का मुख्य आकर्षण यज्ञ पुरुष की भव्य बारात रही, जो पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई। स्थानीय वाद्य यंत्रों और पारंपरिक धुनों के साथ निकली इस बारात में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे क्षेत्र में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं द्वारा गाए गए भजन-कीर्तन ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देवी महिमा का गुणगान करते नजर आए। आयोजन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण रही।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजकों द्वारा भंडारे की समुचित व्यवस्था की गई है, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। साथ ही प्रधान तड़ाग अखिलेश नेगी के नेतृत्व में ग्रामीणों, बाबा डमरूधारी सेवा मंडली एवं अन्य गांवों के सहयोग से प्याऊ की व्यवस्था भी की गई है, जिससे दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं को पेयजल की सुविधा मिल रही है।
तुगेश्वर मंदिर समिति के सचिव पूर्ण सिंह खत्री ने बताया कि महा बन्याथ के दौरान प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, यज्ञ और पूजा-अर्चना आयोजित की जा रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की।
इस अवसर पर अध्यक्ष मानवेन्द्र बत्र्वाल, संरक्षक कल्याण सिंह नेगी, कोषाध्यक्ष यशवन्त सिंह नेगी, पंडित जगदम्बा प्रसाद बेजवाल, त्रिलोचन भट्ट, दीपक बेजवाल, शशिकांत नौटियाल, सुधीर नौटियाल, सुरेन्द्र सिंह नेगी, दलवीर सिंह राणा, मनवर सिंह राणा, मनीष मेवाल, अनमोल नेगी, विनोद जगवाण, धीर सिंह नेगी सहित विभिन्न गांवों के जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।