जेम पोर्टल पर शत-प्रतिशत और सटीक डाटा अपलोड करने के दिए निर्देश, जीआईएस आधारित मैपिंग पर भी जोर,
रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में सरकारी व सार्वजनिक परिसम्पत्तियों के प्रबंधन, संरक्षण तथा अतिक्रमण की रोकथाम और हटाने के संबंध में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की परिसम्पत्तियों का विवरण गवर्नमेंट एसेट्स मैनेजमेंट सिस्टम (जेम) पोर्टल पर अपलोड किए जाने की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों द्वारा पोर्टल पर उपलब्ध कराए गए डाटा की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि वास्तविक परिसंपत्तियों के अनुरूप पोर्टल पर डाटा का शत-प्रतिशत और सटीक अपडेशन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने अधीन आने वाली सभी सरकारी परिसंपत्तियों का पूर्ण विवरण, भूमि अभिलेख तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों सहित पोर्टल पर शीघ्र अपडेट करे, ताकि सरकारी संपत्तियों का सुव्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके और अतिक्रमण की संभावनाओं को समय रहते रोका जा सके।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी विभाग को परिसंपत्तियों से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने में कठिनाई आती है, तो संबंधित पटवारी और ग्राम पंचायत विकास अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक अभिलेख तैयार किए जाएं और डाटा अपडेशन की प्रक्रिया को पूर्ण किया जाए। साथ ही सभी विभाग अपनी परिसंपत्तियों की विस्तृत सूची अपर जिलाधिकारी को भी उपलब्ध कराएं, ताकि अलग से बैठक आयोजित कर दस्तावेजों की समीक्षा और डाटा फीडिंग की प्रक्रिया को गति दी जा सके।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने जनपद स्तर पर जीआईएस एक्सपर्ट की नियुक्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जीआईएस आधारित मैपिंग के माध्यम से सरकारी परिसंपत्तियों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जिससे उनके संरक्षण और निगरानी में पारदर्शिता बढ़ेगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए और इसकी प्रगति रिपोर्ट आगामी शनिवार तक अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।
बैठक में उप वन संरक्षक रजत सुमन, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उपजिलाधिकारी भगत सिंह फोनिया, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ रामप्रकाश, अधिशासी अभियंता लोनिवि इंद्रजीत बोस, अधिशासी अभियंता सिंचाई खुशवंत सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी प्रेम सिंह रावत, खंड विकास अधिकारी ऊखीमठ अनुष्का, अगस्त्यमुनि सुरेश शाह, जखोली विजय सिंह नेगी सहित सभी अधिशासी अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।