Mar 13, 2026

गैर-सरकारी सदस्यों ने भी अपनी मांगें रखी डीएम के समक्ष, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम पर जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक संपंन

post-img

डीएम ने अधिकारियों को मामलों में गंभीरता से कार्रवाई व योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के दिए निर्देश,

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय सतर्कता एवं अनुश्रवण समिति की बैठक जिला कार्यालय स्थित एनआईसी सभागार में आयोजित की गई।

बैठक के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी एवं समिति के सदस्य सचिव टी.आर. मलेठा ने जनपद में एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत की जा रही कार्यवाही की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक जनपद में कुल सात प्रकरण प्राप्त हुए, जिनकी विवेचना कर आवश्यक कार्रवाई की गई है। इनमें से पांच प्रकरणों में पीड़ितों को नियमानुसार आर्थिक सहायता का भुगतान किया जा चुका है, जबकि दो प्रकरणों में विवेचना के बाद भुगतान से पूर्व ही एससी-एसटी एक्ट विलोपित हो गया था।

बैठक में उपस्थित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति से संबंधित गैर-सरकारी सदस्यों ने भी अपनी मांगें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इनमें एससी-एसटी बाहुल्य क्षेत्रों में कम्युनिटी हॉल, अंबेडकर भवन का निर्माण तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने की मांग प्रमुख रूप से शामिल रही। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि एससी-एसटी से जुड़े सभी मामलों पर गंभीरता से कार्य करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कम्युनिटी हॉल एवं अंबेडकर भवन के निर्माण के लिए खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से स्थानीय जनप्रतिनिधियों से समन्वय स्थापित कर उपयुक्त भूमि का चयन करने और आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

इसके साथ ही जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एससी-एसटी बाहुल्य गांवों में जाकर लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन समाज के सभी वर्गों के हितों के प्रति संवेदनशील है और एससी-एसटी से जुड़े मामलों में गंभीरता के साथ कार्य किया जा रहा है। बैठक में समिति के सदस्य मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक विकास पुंडीर, जिला समाज कल्याण अधिकारी टी.आर. मलेठा, जिला पूर्ति अधिकारी के.एस. कोहली, गैर-सरकारी सदस्य रघुवीर लाल, हर्ष लाल तथा गैर-सरकारी संगठन से संबद्ध सदस्य राजेन्द्र सिंह नेगी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।