Mar 13, 2026

एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी पर प्रशासन का शिकंजा, 22 घरेलू सिलेंडर जब्त,

post-img

डीएम विशाल मिश्रा के निर्देश पर छापेमारी, घरेलू सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग का मामला आया सामने,

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर जनपद में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में प्रशासन की संयुक्त टीमों द्वारा विभिन्न बाजारों और दुकानों में औचक छापेमारी अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान एक टीम ने घोलतीर और सुमेरपुर बाजार क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 22 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद कर जब्त किए। जांच में पाया गया कि घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित एलपीजी सिलेंडरों का व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल किया जा रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है। टीम ने जब्त किए गए सिलेंडरों को नियमानुसार कब्जे में लेते हुए संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

छापेमारी अभियान के दौरान पूर्ति निरीक्षक पीबी सती, पूर्ति निरीक्षक सीएम बरमोला, वीरेंद्र सिंह नेगी, एच.एस. रावत तथा थानाध्यक्ष रुद्रप्रयाग सुरेश बलूनी सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि एलपीजी सिलेंडरों की कालाबाजारी और दुरुपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखने और समय-समय पर छापेमारी अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, ताकि उपभोक्ताओं को गैस की आपूर्ति सुचारू रूप से मिलती रहे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।