रूद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग नीहारिका तोमर ने सोनप्रयाग पहुंचकर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा आगामी वीकेंड में श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए प्रभावी पुलिस एवं भीड़ प्रबंधन के निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस उपाधीक्षक गुप्तकाशी, थाना प्रभारी सोनप्रयाग एवं यातायात निरीक्षक के साथ विभिन्न यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सोनप्रयाग से गौरीकुण्ड और वहां से केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखी जाएं।
एसपी ने सोनप्रयाग क्षेत्र के प्रमुख ड्यूटी प्वाइंटों, पंजीकरण काउंटरों, शटल सेवा संचालन व्यवस्था तथा यात्रियों की लाइन प्रबंधन व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ड्यूटीरत पुलिस कर्मियों को अधिक सतर्कता, संयम और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा मार्ग पर व्यवस्था सुचारू बनी रहे और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सहज यात्रा अनुभव मिल सके।
उन्होंने कहा कि वीकेंड के दौरान यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि होने की संभावना है, ऐसे में पुलिस बल को अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखनी होगी। रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा केदारनाथ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए लगातार निगरानी एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है।