May 15, 2026

राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर बड़ा हादसा टला, सम्राट होटल के पास पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आया वाहन,

post-img

जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की तत्परता से बची जानें, एआरटीओ ने मानवता की मिसाल पेश कर घायलों को स्वयं पहुंचाया अस्पताल,

रूद्रप्रयाग। राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर सम्राट होटल के निकट शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रीनगर की ओर जा रहा वाहन संख्या यूके-17 टीए-1470 अचानक पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक सहित एक दंपति घायल हो गए। गनीमत रही कि सभी को हल्की चोटें आईं और समय रहते उपचार मिलने से बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन जैसे ही सम्राट होटल क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर सड़क पर आ गिरे और सीधे वाहन से टकरा गए। पत्थरों की जोरदार टक्कर से वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया तथा मौके पर चीख-पुकार मच गई।

संयोगवश उसी समय सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र सिंह बिष्ट अपनी टीम के साथ क्षेत्र में वाहन चेकिंग एवं यात्रा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे थे। राहगीरों से दुर्घटना की सूचना मिलते ही एआरटीओ बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचे और घायलों की स्थिति का जायजा लिया।

घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस का इंतजार करना उचित नहीं समझा गया। मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हुए एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने विभागीय वाहन से स्वयं तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया, जहां उनका तत्काल उपचार शुरू किया गया।

इस पूरी घटना के दौरान जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की सक्रियता एवं संवेदनशील कार्यशैली साफ तौर पर देखने को मिली। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा पूर्व में ही सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति में मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्हीं निर्देशों के अनुरूप अधिकारियों ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित कर एक बार फिर प्रशासन की सजगता और मानवीय प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और परिवहन विभाग की त्वरित कार्यवाही की सराहना करते हुए कहा कि समय पर राहत मिलने से घायलों की जान बच सकी। लगातार हो रही बारिश और पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से सतर्कता बरतने और संवेदनशील मार्गों पर सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है।