May 15, 2026

सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन” अभियान के तहत रुद्रप्रयाग में जागरूकता कार्यशाला,

post-img

रुद्रप्रयाग। उत्तराखण्ड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल के निर्देशों तथा जिला जज एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रुद्रप्रयाग के आदेशों के क्रम में जनपद में “सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन” शीर्षक के अंतर्गत विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जाएगा। यह अभियान 15 मई से आगामी एक माह तक प्रत्येक सोमवार एवं शनिवार को चलाया जाएगा।

अभियान के शुभारंभ के अवसर पर जिला जजशिप सभागार में “सुरक्षित ईंधन–सुरक्षित जीवन” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नीना अग्रवाल ने की।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, ईंधन की बचत तथा सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि कार्यालय आने-जाने के लिए यथासंभव सार्वजनिक परिवहन, साइकिल अथवा पैदल आवागमन को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा। साथ ही आमजन से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील भी की गई।

कार्यक्रम में सिविल जज (सी.डि.)/सचिव पायल सिंह, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अशोक कुमार, सिविल जज (सी.डि.) अमित कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट सिद्धार्थ कुमार, सिविल जज (जू.डि.)/न्यायिक मजिस्ट्रेट विकास कुमार, ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी ऋचा कोठियाल, सहायक अभियोजन अधिकारी प्रमोद चन्द्र सहित समस्त अभियोजन अधिकारी एवं जजशिप रुद्रप्रयाग के कर्मचारी उपस्थित थे।