May 15, 2026

पत्थरों की चपेट में आया वाहन, एआरटीओ ने दिखाई मानवता; घायलों को खुद पहुंचाया अस्पताल

post-img

रूद्रप्रयाग। राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर सम्राट होटल के समीप शुक्रवार को पहाड़ी से अचानक गिरे पत्थरों की चपेट में आने से एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में वाहन चालक सहित एक दंपति घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि सभी को मामूली चोटें आईं और समय रहते उपचार मिलने से बड़ा हादसा टल गया।

 

जानकारी के अनुसार वाहन संख्या यूके-17 टीए-1470 श्रीनगर की ओर जा रहा था। जैसे ही वाहन सम्राट होटल क्षेत्र के पास पहुंचा, तभी पहाड़ी से भारी पत्थर सड़क पर आ गिरे और सीधे वाहन से टकरा गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) रुद्रप्रयाग धर्मेंद्र सिंह बिष्ट अपनी टीम के साथ क्षेत्र में वाहन चेकिंग और यात्रा सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे थे। सूचना मिलते ही एआरटीओ तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

 

घायलों की स्थिति को देखते हुए एंबुलेंस का इंतजार किए बिना एआरटीओ धर्मेंद्र सिंह बिष्ट ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए विभागीय वाहन से स्वयं तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया, जहां उनका उपचार शुरू किया गया।

 

घटना के दौरान जिला प्रशासन और परिवहन विभाग की सक्रियता भी देखने को मिली। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग विशाल मिश्रा द्वारा पूर्व में ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी दुर्घटना अथवा आपदा की स्थिति में मानव जीवन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इन्हीं निर्देशों के तहत अधिकारियों ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य कर प्रशासन की सजगता का परिचय दिया।

 

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और परिवहन विभाग की तत्परता की सराहना की। वहीं लगातार बारिश और पहाड़ों से पत्थर गिरने की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों से संवेदनशील मार्गों पर सावधानीपूर्वक यात्रा करने की अपील की है।