Mar 26, 2026
govt-ads

झुंडोली गांव में सोलर फेंसिंग का शुभारंभ, किसानों व मातृशक्ति को मिली राहत, समाजसेवी कमलेश उनियाल के कार्यों की चारों ओर प्रशंसा,

post-img

रुद्रप्रयाग। विधानसभा क्षेत्र रुद्रप्रयाग के अंतर्गत बच्छणस्यूँ पट्टी के झुंडोली गांव में समाजसेवी कमलेश उनियाल द्वारा सोलर फेंसिंग का शुभारंभ किया गया। दुर्गम क्षेत्र में स्थित इस गांव के किसानों के लिए यह पहल काफी लाभकारी साबित हो रही है।

लंबे समय से जंगली जानवरों के आतंक से परेशान ग्रामीणों की मांग पर स्थापित इस सोलर फेंसिंग से अब फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। इससे विशेष रूप से मातृशक्ति को बड़ी राहत मिलेगी, जो खेती-किसानी में अहम भूमिका निभाती हैं। फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले जंगली जानवरों पर नियंत्रण होने से किसानों की मेहनत अब सुरक्षित रह सकेगी और उनकी आय में भी सुधार की उम्मीद है।

इस अवसर पर कमलेश उनियाल ने कहा कि ग्रामीणों ने उन्हें पहले जंगली जानवरों की समस्या से अवगत कराया था, जिसके समाधान के रूप में उन्होंने यह कार्य कराया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पूरी पहल उनके व्यक्तिगत प्रयासों से साकार हुई है और इसमें किसी भी प्रकार की सरकारी निधि, बजट या विभागीय सहयोग का उपयोग नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा कि उनका संकल्प गांव, किसान और पहाड़ की समृद्धि के लिए निरंतर कार्य करते रहना है। उन्होंने यह भी कहा कि इस प्रकार की पहल से जहां स्थानीय लोगों को अपने ही गांव में सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर मिलेंगे, वहीं पलायन की समस्या पर भी प्रभावी रोक लग सकेगी।

सोलर फेंसिंग के शुभारंभ के मौके पर गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। स्थानीय मातृशक्ति, किसानों और युवा वर्ग ने इस पहल का जोरदार स्वागत किया और कमलेश उनियाल का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इस व्यवस्था से अब उन्हें रात-दिन फसलों की रखवाली की चिंता से काफी हद तक राहत मिलेगी।

ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह की जनहितकारी योजनाएं क्षेत्र में लागू की जाएंगी, जिससे गांव का समग्र विकास संभव हो सके।

यह पहल न केवल फसलों की सुरक्षा का सशक्त माध्यम बनेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, कृषि उत्पादन बढ़ाने और आत्मनिर्भर गांव की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।