Mar 26, 2026
govt-ads

एक्शन मोड में रूद्रप्रयाग जिला प्रशासन, केदारनाथ यात्रा तैयारियों को लेकर ऊखीमठ में अहम बैठक

post-img

रुद्रप्रयाग। आगामी चारधाम यात्रा के अंतर्गत केदारनाथ धाम यात्रा को सुरक्षित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से विकास खंड सभागार ऊखीमठ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आशा नौटियाल ने की, जबकि जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, व्यापारी एवं होटल व्यवसायी उपस्थित रहे।

 

विधायक आशा नौटियाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर वर्ष बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए इस बार यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। वहीं जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने सभी वर्गों से सुझाव लेते हुए कहा कि सफल यात्रा संचालन में सभी की भूमिका महत्वपूर्ण है और पूर्व यात्राओं के अनुभवों के आधार पर व्यवस्थाओं में सुधार किया जाएगा।

बैठक में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर विशेष जोर देते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी को यात्रा मार्ग पर पर्याप्त मेडिकल कैंप, एंबुलेंस एवं डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सड़क, पैदल मार्ग, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं संचार व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। यात्रियों के पंजीकरण एवं ट्रैकिंग सिस्टम को और मजबूत बनाने तथा पूरे यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। राष्ट्रीय राजमार्ग एवं लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्गों की स्थिति की जानकारी दिए जाने पर जिलाधिकारी ने मोटर मार्ग एवं पैदल मार्ग को 15 अप्रैल तक पूर्ण रूप से सुचारू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा यात्रा अवधि के दौरान जनपद में ईंधन, खाद्यान्न एवं वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए।

 

जिलाधिकारी ने केदारनाथ पैदल मार्ग पर संचालित घोड़े-खच्चरों के पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, शौचालय, शटल सेवा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी बल दिया।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, उप जिलाधिकारी ऊखीमठ अनिल रावत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं केदार सभा, होटल एसोसिएशन, व्यापार संघ, घोड़े-खच्चर यूनियन और अन्य संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने बैठक को यात्रा की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी सुझावों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।