Mar 26, 2026
govt-ads

केदारनाथ धाम पहुंचे डीएम-एसपी, परखीं यात्रा तैयारियां, यात्रा को लेकर प्रशासन एक्शन मोड में, युद्ध स्तर पर चल रहा कार्य

post-img

रूद्रप्रयाग। 

आगामी केदारनाथ धाम यात्रा के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने केदारनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्री केदार सभा के अध्यक्ष, बी.के.टी.सी. प्रतिनिधियों एवं हक-हकूकधारियों के साथ बैठक कर यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान बर्फ हटाने, पैदल यात्रा मार्ग को दुरुस्त करने, सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा मूलभूत सुविधाओं की बहाली की प्रगति का जायजा लिया गया।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने बताया कि केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल से प्रारंभ हो रही है। वर्तमान में धाम क्षेत्र में लगभग 3 से 4 फीट तक बर्फ जमी हुई है, जिसे हटाने के लिए संबंधित विभागों की टीमें लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बर्फ हटने के बाद दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि यात्रा शुरू होने से पहले पेयजल, विद्युत, आवास और स्वास्थ्य सेवाओं सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं समयबद्ध तरीके से बहाल की जाएंगी, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन का लक्ष्य है कि यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाया जाए।

पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बताया कि वर्तमान में केदारनाथ धाम में पुलिस के 3 जवान एवं आईटीबीपी के 12 जवान तैनात हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों के अनुभवों और फीडबैक के आधार पर इस बार सुरक्षा प्रबंधों को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। श्रद्धालुओं की आवाजाही, ठहराव और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान केदार सभा के अध्यक्ष एवं बी.के.टी.सी. सदस्य राजकुमार तिवारी, ब्लॉक प्रमुख ऊखीमठ पंकज शुक्ला, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।