इनपुट : लक्ष्मण सिंह नेगी
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। भाजपा ने आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपनी सांगठनिक बिसात बिछाना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पार्टी आलाकमान ने जिले के कालीमठ निवासी युवा व ऊर्जावान नेता प्रदीप सिंह राणा पर भरोसा जताते हुए उन्हें पांडुवा विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया है। उनकी यह नियुक्ति संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और पूर्व के चुनावी अनुभवों को देखते हुए की गई है।
हुगली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली पांडुवा विधानसभा सीट को राजनीतिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदीप सिंह राणा पहले भी पश्चिम बंगाल चुनावों में विधानसभा प्रभारी के रूप में सफल भूमिका निभा चुके हैं। उनके कार्यकर्ताओं के साथ मजबूत समन्वय और जमीनी स्तर पर पकड़ बनाने के कौशल को देखते हुए चुनाव समिति ने एक बार फिर उन्हें मोर्चे पर उतारा है।
विकास के मॉडल को घर-घर पहुँचाना लक्ष्य
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। नई जिम्मेदारी मिलने पर प्रदीप सिंह राणा ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री के विकास मॉडल को पांडुवा के हर घर तक पहुंचाना मेरी प्राथमिकता होगी।
क्षेत्र में खुशी की लहर
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। जिले में प्रदीप सिंह राणा की इस नियुक्ति को लेकर भारी उत्साह है। स्थानीय निवासी केदार सिंह राणा ने कहा कि प्रदीप सिंह एक कर्मठ कार्यकर्ता हैं और उनकी मेहनत का फल है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिल रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि राणा के नेतृत्व में पांडुवा में भाजपा को ऐतिहासिक मजबूती मिलेगी।
युवा नेतृत्व पर भाजपा का दांव
रुद्रप्रयाग/ऊखीमठ। पश्चिम बंगाल में अपनी पैठ मजबूत करने के लिए भाजपा इस बार युवा और अनुभवी चेहरों को आगे कर रही है। प्रदीप सिंह राणा जैसे युवा नेता को पांडुवा की कमान सौंपना पार्टी की इसी सोची-समझी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। अब देखना यह होगा कि राणा के नेतृत्व में पांडुवा का चुनावी अभियान क्या नया रुख लेता है।