महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए सरकार निरंतर कर रही कार्य : विधायक आशा नौटियाल,
रुद्रप्रयाग। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा, रुद्रप्रयाग के तत्वावधान में सौड़ी अगस्त्यमुनि में आयोजित 'लखपति दीदी सम्मेलन' में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा मिली। सम्मेलन में बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली महिलाओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य कर समाज में प्रेरणादायी भूमिका निभाने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा, परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली राज्य सरकार महिलाओं के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं प्रभावी ढंग से संचालित कर रही हैं।
विधायक ने कहा कि 'लखपति दीदी' अभियान महिलाओं को आत्मनिर्भर और स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से हजारों महिलाएं स्वरोजगार अपनाकर न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि अन्य महिलाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बन रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य महिलाओं को केवल योजनाओं का लाभ देना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से सक्षम, आत्मविश्वासी और नेतृत्वकारी भूमिका में स्थापित करना है।
कार्यक्रम में राज्यमंत्री चंडी प्रसाद भट्ट ने कहा कि महिला सशक्तिकरण किसी भी समाज के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने कहा कि सरकार महिलाओं को रोजगार, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
इस अवसर पर राज्यमंत्री ऐश्वर्य रावत ने भी महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूहों की सफलता ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ-साथ सामाजिक परिवर्तन की नई मिसाल बन रही है।
सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, वित्तीय आत्मनिर्भरता और 'आत्मनिर्भर भारत' के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की गई।
इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सुमन जमलोकी, पुष्पा पंवार, बबीता रावत, रूपेंद्र रावत, जगवर्धन कांडपाल, शकुन्तला जगवाण, सुनीता गोस्वामी, सुषमा देवी, अर्चना चमोली, मधु भट्ट सहित महिला मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।