पहली उड़ान में उदीना को पहुंचाया अस्पताल,
रुद्रप्रयाग। दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं के लिए राहत भरी पहल करते हुए जनपद रुद्रप्रयाग में निःशुल्क हेलीकॉप्टर सेवा का शुभारंभ किया गया है। अब दूरी नहीं बनेगी बाधा, सुरक्षित मातृत्व हमारा वादा” अभियान के तहत शुरू की गई यह सेवा चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग तथा नागरिक उड्डयन विभाग, उत्तराखण्ड के संयुक्त सहयोग से संचालित की जा रही है।
इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाली गर्भवती महिलाओं को समय पर सुरक्षित प्रसव सुविधा उपलब्ध कराना है, जहां सड़क संपर्क सीमित होने के कारण अक्सर आपात स्थिति में चिकित्सा सेवाएं पहुंचाना चुनौतीपूर्ण होता है। सेवा के तहत मंगलवार को पहली सफल उड़ान में जनपद की निवासी उदीना (पत्नी महेश) को हेलीकॉप्टर के माध्यम से वन चेतना पार्क, जखोली से जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग पहुंचाया गया। यहां उनका प्रसव विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में सुरक्षित रूप से कराया जाएगा। इस सफल संचालन ने योजना की उपयोगिता को साबित कर दिया है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार एवं सीएमओ डॉ राम प्रकाश ने बताया कि यूकाडा, जिला स्वास्थ्य विभाग एवं जिला प्रशासन के समन्वय से इस सेवा का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पहल विशेष रूप से उन क्षेत्रों के लिए कारगर साबित होगी, जहां भौगोलिक परिस्थितियों के कारण समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना कठिन होता है। उन्होंने आगे कहा कि इस सेवा के माध्यम से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में मदद मिलेगी और सुरक्षित मातृत्व सुनिश्चित करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में इस सेवा का लाभ उठाएं तथा समय रहते नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों से संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त करें।