Aug 23, 2026

कार्तिक स्वामी धाम के विकास को लेकर डीएम का बड़ा एक्शन

post-img

कनकचौरी से मंदिर तक पैदल ट्रैक का होगा कायाकल्प, रैन शेल्टर-पेयजल-रेलिंग और डस्टबिन जैसी सुविधाओं पर जोर, विस्तृत कार्ययोजना शासन को भेजी जाएगी,

रुद्रप्रयाग। धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण कार्तिक स्वामी धाम को बेहतर सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शनिवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने कनकचौरी से कार्तिक स्वामी मंदिर तक पैदल पहुंचकर पूरे क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। डीएम ने पैदल मार्ग, मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कनकचौरी से मंदिर तक पूरे पैदल ट्रैक की स्थिति देखी। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए पैदल मार्ग को व्यवस्थित और सुगम बनाया जाना जरूरी है। इसके लिए आवश्यक स्थानों पर रेलिंग, साइनेज और डस्टबिन लगाने के साथ ही जरूरत के अनुसार सीसी कार्य कराए जाने की संभावनाओं का भी आकलन किया गया।

रैन शेल्टर और पेयजल व्यवस्था पर विशेष फोकस

मंदिर परिसर में निरीक्षण के दौरान डीएम ने श्रद्धालुओं को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, रैन शेल्टर, सौंदर्यीकरण और अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर मंदिर समिति एवं विभागीय अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं का चरणबद्ध विकास किया जाए।

डीएम ने स्पष्ट किया कि पूरे पैदल ट्रैक को व्यवस्थित एवं विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। जनपद स्तर पर होने वाले कार्यों को संबंधित विभागों के माध्यम से प्राथमिकता पर पूरा कराया जाएगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जनपद के धार्मिक एवं पर्यटन महत्व वाले स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य मौके पर ही आवश्यकताओं और समस्याओं को चिन्हित कर उनके समाधान की ठोस कार्ययोजना तैयार करना है।

उन्होंने बताया कि कार्तिक स्वामी क्षेत्र के निरीक्षण में डस्टबिन, पर्याप्त पेयजल और रैन शेल्टर की जरूरत प्रमुखता से सामने आई है। इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने कार्तिक स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याएं और आवश्यकताएं भी जानीं। डीएम ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं के समाधान की कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, सहायक पर्यटन विकास अधिकारी संजय मेहरा, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार, अधिशासी अभियंता जल निगम रमाकांत गुप्ता, मंदिर समिति अध्यक्ष विक्रम सिंह नेगी, मुख्य पुजारी नंदपुरी, मंदिर समिति सचिव बलराम नेगी, उप प्रबंधक रमेश सिंह समेत संबंधित अधिकारी, मंदिर समिति पदाधिकारी, ग्रामीण एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।