May 01, 2026

केदारनाथ यात्रा में सक्रिय पॉकेटमार गिरोह पर वार, राजस्थान के दो शातिर चोर गिरफ्तार

post-img

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मुस्तैद रुद्रप्रयाग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस ने चोरी के एक मामले में राजस्थान के दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोतवाली सोनप्रयाग में दर्ज मुकदमा संख्या 08/2026, धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह मामला दिल्ली के ग्रेटर कैलाश निवासी हिमाद्री शर्मा की तहरीर पर दर्ज किया गया था, जिसमें उन्होंने 23 अप्रैल 2026 को केदारनाथ में भीड़ के दौरान उनका आईफोन और पर्स चोरी होने की शिकायत की थी।

 

जांच के दौरान पुलिस ने मामले में धारा 317(2) (चुराई गई संपत्ति प्राप्त करना) की भी बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सुनील कुमार निवासी भरतपुर और ललित कुमार निवासी अलवर (राजस्थान) के रूप में हुई है।

 

इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक योगेश कुमार शर्मा, जावेद अली, कविन्द्र सिंह के साथ आरक्षी रोहित सिंह और शुभम शामिल रहे।

 

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि केदारनाथ यात्रा के दौरान अब तक रुद्रप्रयाग पुलिस ने तीन अलग-अलग मामलों में कुल पांच शातिर पॉकेटमारों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है, जिससे यात्रा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।