May 01, 2026

रुद्रप्रयाग में 10 दिवसीय पर्यटक गाइड प्रशिक्षण संपन्न,  युवाओं को मिला स्वरोजगार का मार्ग

post-img


रुद्रप्रयाग। जिले के युवाओं को पर्यटन क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), रुद्रप्रयाग में आयोजित 10 दिवसीय ‘यात्रा एवं पर्यटक गाइड’ प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन प्रमाणपत्र वितरण के साथ किया गया।
आरसेटी निदेशक अरुण कुमार ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि युवाओं में आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है। उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग जैसे पर्यटन प्रधान जिले में स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की अपार संभावनाएं हैं, जिन्हें सही दिशा और मार्गदर्शन से साकार किया जा सकता है।
एलडीएम अनूप सिंह ने कहा कि जिले में आने वाले तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए स्थानीय युवा बेहतर गाइड की भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं को बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। इस क्रम में मां मठियाणा मंदिर का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया, जहां विशेषज्ञों ने गाइड के प्रभावी संवाद और प्रस्तुतीकरण के तरीकों की जानकारी दी।
लोकगायक जीत सिंह चैहान ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को समझकर ही पर्यटन को बढ़ावा दिया जा सकता है। वहीं, प्रशिक्षण में फैकल्टी वीरेंद्र सिंह और मास्टर ट्रेनर चन्द्रशेखर जोशी ने प्रतिभागियों को गाइड के आवश्यक कौशल, संवाद कला और आपातकालीन प्रबंधन जैसे विषयों पर प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षणार्थियों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उनके आत्मविश्वास में वृद्धि हुई है और अब वे स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हैं।