Mar 13, 2026

बेलनी टनल के पास जंगल में भीषण आग, फायर सर्विस की तत्परता से टली बड़ी जनहानि,

post-img

कलेक्ट्रेट तिराहा क्षेत्र में देर रात भड़की आग, आवासीय बस्तियों की ओर बढ़ रही लपटों को किया काबू,

रुद्रप्रयाग। जनपद मुख्यालय के निकट बेलनी स्थित नवनिर्मित टनल और कलेक्ट्रेट तिराहा के मध्य जंगलों में देर रात अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें तेजी से फैलते हुए ऊपरी हिस्सों की ओर बढ़ने लगीं, जिससे आसपास के ग्राम बेला और बेलनी की आवासीय बस्तियों पर खतरा मंडराने लगा।

सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर स्टेशन रुद्रप्रयाग की टीम को अलर्ट किया गया। फायर सर्विस की यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची और बिना समय गंवाए रेस्क्यू व अग्निशमन अभियान शुरू कर दिया। घटनास्थल पर पहुंचने पर पता चला कि आग सड़क के निचले हिस्से से शुरू होकर तेज हवा के कारण तेजी से ऊपर की ओर फैल रही थी। आग की भयावह स्थिति को देखते हुए मौके पर दो फायर यूनिट (एमएफई और अतिरिक्त फायर टेंडर) तैनात किए गए।

दुर्गम पहाड़ी परिस्थितियों के बावजूद फायर कर्मियों ने हौज पाइप और होजरील की सहायता से लगातार पंपिंग कर आग की घेराबंदी की। बीच-बीच में पानी समाप्त होने पर टीम द्वारा टैंकरों की रिफिलिंग कर दोबारा मोर्चा संभाला गया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद देर रात आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। फायर सर्विस की त्वरित और तकनीकी कार्रवाई के चलते वनाग्नि को रिहायशी इलाकों तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया, जिससे एक बड़ी संभावित क्षति टल गई। फिलहाल, स्थिति सामान्य बताई जा रही है और अग्निशमन दल द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।