रुद्रप्रयाग पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, क्रेन से हटवाया जा रहा दुर्घटनाग्रस्त वाहन,
रुद्रप्रयाग। बद्रीनाथ हाईवे पर आज सुबह रतूड़ा के पास एक वाहन पलट गया। सड़क सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन के प्रति सजगता दिखाते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने दुर्घटना में त्वरित कार्रवाई कर वाहन चालक को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार को चौकी घोलतीर क्षेत्रांतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टाटा टियागो कार संख्या यूके 07 एफके 5694 अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। घटना की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी घोलतीर जयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। चालक की पहचान राजेन्द्र सिंह बिष्ट पुत्र स्व. भगवान सिंह बिष्ट निवासी सिलोडी, नारायणबगड़, जिला चमोली के रूप में हुई है। चालक ने बताया कि वह ऋषिकेश से नारायणबगड़ की ओर जा रहे थे, तभी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया।
पुलिस की त्वरित सक्रियता के चलते चालक पूरी तरह सुरक्षित है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हटाने के लिए क्रेन मंगवाई गई है, जिसके माध्यम से वाहन को सड़क से हटाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय गति सीमा का पालन करें और पूरी सावधानी बरतें। आपकी सतर्कता ही आपके सफर को सुरक्षित बना सकती है।