25 से पिथौरागढ़ में भर्ती रैली का आयोजन
रुद्रप्रयाग। आगामी 25 से 30 सितंबर तक 130 इंफैंट्री बटालियन (टीए) पर्यावरण कुमाऊ में भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। भर्ती बटालियन मुख्यालय पिथौरागढ़ के मैदान में प्रातः छः बजे से आयोजित की जाएगी।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) यूएस रावत ने बताया कि भर्ती रैली के पहले दिन (25 सितंबर को) भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों के प्रमाण-पत्रों की जांच व शारीरिक परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद 26 से 28 सितंबर तक शारीरिक परीक्षण में सफल पूर्व सैनिकों व नौजवानों का मेडिकल परीक्षण तथा 29 व 30 सितंबर को साक्षात्कार होगा। उन्होंने बताया कि जेसीओ (जीडी) जूनियर कनिष्ठ अधिकारी, सोल्जर (जीडी) सिपाही (जीडी), लिपिक, रसोइया, बढई, सफाई वाला व धोबी आदि के रिक्त पदों पर होने वाली भर्ती में उत्तराखंड राज्य के पूर्व सैनिक तथा भूतपूर्व महिला कर्मी जो कि पर्यावरण वन मंत्रालय तथा जलवायु नियंत्रण अथवा राज्य वन विभाग, में न्यूनतम बीस साल सेवा प्रदान की हो, भर्ती रैली में भाग ले सकते हैं। पूर्व सैनिकों के लिए कोई आयु निर्धारित नहीं है, बशर्ते सेवानिवृत्त की तारीख पांच साल के भीतर हो। उन्होंने बताया कि अन्य निर्धारित शर्तों के आधार पर पर्यावरण बटालियन में भर्ती होने के इच्छुक निर्धारित तिथि को प्रातः छः बजे भर्ती रैली में आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना सुनिश्चित करें।



