गौरीकुंड में खाई में गिरा महाराष्ट्र का यात्री, मौत,, छौड़ी गधेरे के पास हादसा, रेस्क्यू टीम ने खाई से निकाला, मौके पर ही तोड़ा दम,

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गौरीकुंड से आगे छौड़ी गधेरे के पास एक यात्री गहरी खाई में जा गिरा। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन यात्री की जान नहीं बच सकी। हादसे में महाराष्ट्र निवासी 59 वर्षीय यशवंत किसनराव थोरात की मौत हो गई।

सोमवार सुबह करीब 10:06 बजे चौकी गौरीकुंड से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को यात्री के खाई में गिरने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ सोनप्रयाग और सेक्टर अधिकारी गौरीकुंड के साथ डीडीआरएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। टीमों ने खाई में उतरकर यात्री को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान यशवंत किसनराव थोरात (59), निवासी गणेशनगर, पुणे, महाराष्ट्र के रूप में हुई है।

हादसे के बाद जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने केदारनाथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने सभी सेक्टर अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित डेंजर प्वाइंट, संवेदनशील एवं दुर्घटना संभावित स्थलों पर आवश्यकता के अनुसार डीडीआरएफ, एमटीएफ, वाईएमएफ और आपदा मित्र के कार्मिकों की तत्काल तैनाती करने के निर्देश दिए हैं।

रजवार ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। तैनात कार्मिक संवेदनशील स्थलों पर लगातार निगरानी रखते हुए यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करेंगे। घोड़े-खच्चरों की सुरक्षित आवाजाही पर भी विशेष नजर रखी जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि भूस्खलन, पत्थर गिरने, मार्ग अवरुद्ध होने या किसी अन्य जोखिमपूर्ण स्थिति की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को दी जाए, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।