रुद्रप्रयाग। जिले की सड़कों को गड्ढामुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को 15 सितंबर तक सड़क सुधारीकरण से संबंधित सभी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने और 15 अक्टूबर तक जिले की सभी चिन्हित सड़कों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में सड़कों को गड्ढामुक्त किए जाने के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने विभागवार मार्गों की स्थिति, चिन्हित गड्ढों, सुधारीकरण कार्यों और प्रस्तावित कार्ययोजना की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सड़कें आमजन के साथ ही तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के आवागमन का प्रमुख माध्यम हैं। ऐसे में सड़कों को सुरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
डीएम ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुधारीकरण के दौरान निर्माण गुणवत्ता और निर्धारित मानकों से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान गड्ढे या सड़क में अन्य खामियां मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने तथा कार्य की प्रगति और निरीक्षण रिपोर्ट नियमित रूप से जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में सीडीओ राजेंद्र सिंह रावत, एसडीएम जखोली भगत सिंह फोनिया, एसडीएम ऊखीमठ अनिल रावत, एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, ईई लोनिवि संजीव कुमार सैनी, ईई पीएमजीएसवाई समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे

