पात्र परिवार आवास से वंचित न रहें, हर पात्र को मिले पीएम आवास का लाभ : डीएम,

Blog
 Image

आवास प्लस ऐप से 10,219 परिवारों का सत्यापन, 7,106 पात्र परिवारों की प्रतीक्षा सूची तैयार,

रुद्रप्रयाग। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद के प्रत्येक पात्र परिवार को योजना का लाभ हर हाल में सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और पात्रता का विशेष ध्यान रखने के साथ सभी प्रक्रियाएं शासन की गाइडलाइन के अनुरूप समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में बताया गया कि भारत सरकार के आवास प्लस ऐप-2024 के माध्यम से जनपद की ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर कुल 10,219 परिवारों का ऑनलाइन सत्यापन पूरा किया गया है। सत्यापन के बाद ग्रामीण विकास मंत्रालय के आवास सॉफ्टवेयर के माध्यम से जनपद के 7,106 पात्र परिवारों की प्रतीक्षा सूची (पीडब्ल्यूएल) तैयार की गई है।

मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन के लिए जनपद के तीनों विकासखंडों की 329 ग्राम पंचायतों में खुली बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में पात्र परिवारों की प्रतीक्षा सूची के अनुमोदन की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है। इसके बाद तैयार प्रतीक्षा सूची को जनपद की अपीलिएट कमेटी के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

 

जिलाधिकारी ने कहा कि योजना के प्रत्येक चरण में पात्रता की जांच और शासन के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए। कहा कि कोई भी पात्र परिवार आवास जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित नहीं रहना चाहिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अखिलेश मिश्रा, ग्रामीण निर्माण विभाग की अधिशासी अभियंता मीनल गुलाटी, एसडीएम रुद्रप्रयाग सोहन सिंह सैनी, एसडीएम ऊखीमठ अनिल रावत, एसडीएम जखोली भगत सिंह फोनिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।