बसुकेदार की जनसमस्याओं को लेकर कल तहसील घेराव,

Blog
 Image

स्थायी तहसील भवन, आपदा प्रभावितों को राहत और हाट-बस्ती पुल की समस्या उठाएंगे आंदोलनकारी,

रुद्रप्रयाग। बसुकेदार तहसील क्षेत्र की वर्षों से लंबित जनसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंगलवार को तहसील भवन बसुकेदार का घेराव किया जाएगा। उत्तराखंड क्रांति दल के नेता एवं केदारनाथ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी डॉ. आशुतोष भंडारी ने क्षेत्र की जनता, ग्राम प्रधानों और जनप्रतिनिधियों से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है।

डॉ. भंडारी ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि बसुकेदार तहसील क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की कमी से जूझ रही है। तहसील का स्थायी भवन अब तक नहीं बन पाया है। वहीं अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवश्यक आवासीय व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं है। उन्होंने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री की ओर से तहसील भवन निर्माण की घोषणा और एसडीएम बसुकेदार द्वारा शासन को पत्र भेजे जाने के बावजूद निर्माण की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि बडेथ, ताल, जामणा और घंघासू-बांगर क्षेत्र के आपदा प्रभावित ग्रामीण अभी भी उचित राहत और आवश्यक व्यवस्थाओं की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इसके अलावा हाट-बस्ती मोटर पुल की समस्या भी लंबे समय से लंबित है। पुल की बदहाल स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है।

डॉ. भंडारी ने कहा कि ये मुद्दे केवल विकास से जुड़े नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा, सुविधाओं और रोजमर्रा की जिंदगी से सीधे जुड़े हैं। शासन-प्रशासन की घोषणाओं के बजाय अब जनता धरातल पर काम चाहती है। उन्होंने कहा कि तहसील घेराव किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि क्षेत्र की जनता के अधिकारों और लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर किया जा रहा है।