ट्रेंचिंग ग्राउंड और एमआरएफ सेंटर के नियमित निरीक्षण के निर्देश, केदारनाथ से कूड़ा नीचे लाने को ‘कैरी मी बैक’ अभियान में घोड़ा-खच्चर संचालकों से सहयोग की अपील,
रुद्रप्रयाग। जनपद में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने और उच्चतम न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन को लेकर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। जिला कार्यालय सभागार में हुई बैठक में नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों में कूड़ा उठान, निस्तारण, ट्रेंचिंग ग्राउंड और एमआरएफ सेंटर की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था की नियमित निगरानी के साथ स्थलीय निरीक्षण भी सुनिश्चित किए जाएं। ट्रेंचिंग ग्राउंड, एमआरएफ सेंटर, कूड़ा उठान केंद्रों और निस्तारण स्थलों की निरीक्षण रिपोर्ट निर्धारित अंतराल पर उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यवस्था केवल कूड़ा उठाने तक सीमित न रहे, बल्कि कूड़े का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कूड़ा उठान और निस्तारण के लिए आवश्यक वाहनों, उपकरणों व अन्य संसाधनों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उनकी व्यवस्था समयबद्ध ढंग से की जा सके। खुले में कूड़ा फेंकने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान व जुर्माने की कार्रवाई प्रभावी रूप से करने के साथ इसकी रिपोर्ट नियमित उपलब्ध कराने को भी कहा।
बैठक में केदारनाथ धाम और यात्रा मार्ग की स्वच्छता व्यवस्था पर विशेष चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से यात्रा मार्ग पर ले जाए जाने वाले और प्रतिबंधित किए जाने वाले उत्पादों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने कहा कि धाम और यात्रा मार्ग से कूड़ा नीचे लाना पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने ‘कैरी मी बैक’ पहल को प्रभावी बनाने के लिए घोड़ा-खच्चर संचालकों और उनकी एसोसिएशनों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि वापसी के दौरान घोड़ा-खच्चरों के जरिए छोटे बैगों में कूड़ा नीचे लाने की व्यवस्था की जाए। अभियान में सक्रिय सहयोग करने वाले संचालकों को प्रशासन की ओर से सम्मानित भी किया जाएगा।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने सोनप्रयाग में एमआरएफ सेंटर निर्माण के लिए शीघ्र भूमि चिह्नित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनपद को स्वच्छ एवं कूड़ा मुक्त बनाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

