जनता के सुझावों को परखा और विश्लेषित कर व्यवहारिक सुधारों में बदला जाएगा,
रुद्रप्रयाग। शासन के निर्देशों के क्रम में प्रदेश के साथ जनपद रुद्रप्रयाग में भी ‘रिफॉर्म उत्सव’ के तहत आम नागरिकों एवं विभिन्न हितधारकों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त सुझावों को व्यवस्थित रूप से संकलित, परीक्षण एवं विश्लेषण करने के बाद व्यवहारिक और परिणामोन्मुख सुधारों में परिवर्तित किया जाएगा। इसका उद्देश्य जनसामान्य की आवश्यकताओं और अपेक्षाओं को शासन व्यवस्था तथा नीतियों में प्रभावी रूप से शामिल करना है।
रिफॉर्म उत्सव का उद्देश्य केवल सुझाव एकत्र करना नहीं, बल्कि नीति-निर्माण एवं प्रशासनिक सुधारों की प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। नागरिक अपने अनुभव, समस्याओं और सुधार संबंधी सुझाव साझा कर सकेंगे। इससे जमीनी आवश्यकताओं के अनुरूप नीतियों और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
रिफॉर्म उत्सव के संचालन एवं अनुश्रवण के लिए राज्य स्तर पर राज्य समन्वय समिति तथा जनपद स्तर पर जिला समन्वय समिति गठित की गई है। जनपद में प्रभारी सचिव/राज्य नोडल अधिकारी समिति के अध्यक्ष, जिलाधिकारी कार्यकारी अध्यक्ष तथा मुख्य विकास अधिकारी जिला नोडल अधिकारी होंगे।
जिला समन्वय समिति द्वारा जनमंथन के माध्यम से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, साझा सेवा केंद्रों (सीएससी), स्वयं सहायता समूहों, युवाओं और अन्य हितधारकों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जाएगी। प्राप्त सुझावों की प्रारंभिक छंटाई एवं श्रेणीकरण कर जनपद स्तर पर व्यापक प्रभाव डालने वाले सुझावों को चिन्हित किया जाएगा।
चिन्हित सुझाव संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजे जाएंगे। शीघ्र लागू किए जा सकने वाले त्वरित सुधारों की पहचान कर उनका क्रियान्वयन किया जाएगा, जबकि मध्यम अवधि के सुधारों के लिए विभागीय समन्वय सुनिश्चित किया जाएगा। सुधार उत्सव पोर्टल पर सुझावों एवं कार्रवाई की प्रगति का नियमित अद्यतन किया जाएगा।
इस पहल के माध्यम से ‘जनता की बात—नीति में स्थान’ की भावना को साकार करते हुए सरल, पारदर्शी, प्रभावी और जनहितकारी शासन व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

