पुस्तक दान अभियान को मिल रहा व्यापक समर्थन, डॉ. विनीत पोस्ती ने जिलाधिकारी को भेंट की विभिन्न विषयों की 35 पुस्तकें,

Blog
 Image

रुद्रप्रयाग। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की पहल पर जनपद में संचालित ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान को लगातार व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है। अभियान के तहत लोग आगे आकर पुस्तकें दान कर रहे हैं, जिससे जनपद के पुस्तकालयों और अध्ययन केंद्रों को समृद्ध करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हो रही है।

इसी क्रम में बदरी-केदार मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत पोस्ती ने जिलाधिकारी विशाल मिश्रा से भेंट कर विभिन्न विषयों से संबंधित 35 पुस्तकें भेंट कीं। इनमें धार्मिक, समसामयिक, विज्ञान, गणित सहित विभिन्न विषयों की पुस्तकें शामिल हैं।

डॉ. विनीत पोस्ती ने कहा कि पुस्तकें ज्ञान अर्जित करने का सशक्त माध्यम हैं। पुस्तकों के अध्ययन से बच्चों और युवाओं के ज्ञान का विस्तार होने के साथ ही उनमें चिंतन और सीखने की प्रवृत्ति भी विकसित होती है। उन्होंने कहा कि समाज में अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को इस अभियान से जुड़कर कम से कम एक पुस्तक दान करनी चाहिए। उन्होंने अभियान को बच्चों और युवाओं तक उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सामग्री पहुंचाने की दिशा में सराहनीय पहल बताया।

जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने डॉ. विनीत पोस्ती का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ‘एक पुस्तक दान करें, ज्ञान का वृक्ष लगाएं’ अभियान का उद्देश्य जनपद के पुस्तकालयों एवं अध्ययन केंद्रों में पुस्तकों की उपलब्धता बढ़ाना तथा बच्चों, युवाओं और आमजन में पढ़ने की रुचि विकसित करना है। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से अभियान को और व्यापक रूप दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इससे जुड़ें और ज्ञान के प्रसार में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।