नशे के खिलाफ जनपद में चलेगा व्यापक जागरूकता अभियान

Blog
 Image

,

जिले की 10 प्रतिशत आबादी को नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य, युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी पर जोर,

रुद्रप्रयाग। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों के खिलाफ जनपद रुद्रप्रयाग में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला सभागार में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा की अध्यक्षता में नशामुक्त भारत अभियान के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रस्तावित मेगा आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अभियान को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए।

 

प्रस्तावित मेगा आयोजन सितंबर 2026 के तीसरे अथवा चौथे सप्ताह में लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय, जालंधर, पंजाब में आयोजित किया जाना है। जिलाधिकारी ने कहा कि नशे के दुष्प्रभावों से समाज को बचाने के लिए जनजागरूकता सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाते हुए युवाओं, विद्यार्थियों और आमजन की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

जिला समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा ने बताया कि अभियान के तहत जनपद के समस्त शैक्षणिक एवं उच्च शैक्षणिक संस्थानों, निजी शिक्षण संस्थानों, विकासखंडों, तहसील स्तर तथा जिला मुख्यालय स्तर पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में नशे के विरुद्ध सामूहिक शपथ के साथ ही ऑनलाइन शपथ कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जनपद की कुल आबादी के कम से कम 10 प्रतिशत लोगों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से नशामुक्ति की शपथ दिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्ष्य की पूर्ति के लिए विभागीय कार्मिकों, लाभार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों को भी अभियान से जोड़ते हुए नशे के विरुद्ध शपथ दिलाई जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि परिवार और समाज के लिए भी गंभीर चुनौती है। इसलिए अभियान को महज औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए।