चुनाव में कार्यकर्ताओं की होती है महत्वपूर्ण भूमिका: तिलक राज
विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं में जोश भर रही पार्टियां
कांग्रेस पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक ने ली कांग्रेस सेवा दल की बैठक
रुद्रप्रयाग। आगामी समय में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में राष्ट्रीय पार्टियों ने जोर-आजमाइश लगानी शुरू कर दी है। पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुट गए हैं और उनसे पार्टी की जीत के लिए कसमें तक खिलाई जा रही हैं। कांग्रेस जिला पर्यवेक्षक एवं पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा ने रुद्रप्रयाग में कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ताओं की बैठक ली, जिसमें उन्होंने सेवादल संगठन के विस्तार पर चर्चा करने के साथ ही आगामी विधानसभा चुनाव में जुटने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। बिना कार्यकर्ताओं के जीत पाना आसान नहीं है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image2104472986-1641557482860.jpg)
बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर्यवेक्षक शर्मा ने कहा कि आने वाला समय कांग्रेस का है। भाजपा की नीतियों को जनता समझ चुकी है। भाजपा की दुर्दशा होने जा रही है। इन पांच सालों में विकास की किरण दूर-दूर तक नहीं दिखाई दे रही है। उत्तराखण्ड को मुख्यमंत्री प्रशिक्षण प्रदेश बना दिया है। महंगाई ने रिकार्ड तोड़ दिये हैं। इस सरकार ने कर्मचारियों की पेंशने बंद कर दी हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास के नाम पर जनता को लूट रही है। रसोई गैस के दाम ने आसमान छूं लिए हैं। गरीब जनता को मुफ्त सिलेंडर तो दिये जा रहे हैं, मगर जनता ने उन सिलेंडरों को स्टोरों में डाल दिया है। जो गैस का सिलेंडर कांग्रेस सरकार में चार सौ रूपए का मिल जाता था, वहीं इस सरकार में 1150 का दिया जा रहा है। पेट्रोल और खाने के तेलों में वृद्धि कर दी गई है। भाजपा की केन्द्र व राज्य सरकार ने जनता को बेवकूफ बनाने के अलावा और कुछ भी नहीं किया है।
कांग्रेस पर्यवेक्षक तिलक राज शर्मा ने सेवादल के कार्यकर्ताओं से कांग्रेस की मजबूती के साथ कांग्रेसी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आवाहन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष ईश्वर सिंह बिष्ट ने सभी नए सेवादल के सदस्यों को दल से जुड़ने के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दी। इस मौके पर पूर्व प्रदेश महासचिव वीरेंद्र बुटोला, जिला पंचायत सदस्य नरेंद्र बिष्ट, पूर्व प्रमुख अर्जुन गहरवार, प्रदेश सेवादल के महामंत्री दिनेश मंमगाई, युवा सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष अजय किशोर भंडारी, उपाध्यक्ष अंकुर रौथाण, जिलाध्यक्ष सेवादल प्रदीप रुदियाल, धनराज सिंह बंगारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image2104472986-1641557526787.jpg)