केदारनाथ विधायक ने लगाया चुनाव से पहले मास्टर स्ट्रोक
विधानसभा क्षेत्र में शहीद सैनिकों की मूर्ति लगवाने की योजना से जनता में खुशी
विधायक ने शासन-प्रशासन पर लगाया कार्यक्रम को फेल करने का आरोप
रुद्रप्रयाग। केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में शहीद सैनिकों की मूर्ति लगवाने की योजना कांग्रेस विधायक मनोज रावत ने विधान सभा चुनाव से पहले मास्टर स्ट्रोक लगाया है। योजना का श्रीगणेश आज परकण्डी गांव के अमर शहीद राईफल मैन (सेना मेडल) उमेश नौटियाल की मूर्ति के अनावरण से हुआ। आजादी के बाद से विधानसभा क्षेत्र में हुए 30 से अधिक शहीदों की मूर्तियां विधायक निधि से लगने जा रही हैं।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image315271059-1641552429492.jpg)
केदारनाथ विधायक का यह मास्टर स्ट्रोक भाजपा द्वारा अभी पूरे प्रदेश में शहीद सम्मान यात्रा द्वारा सैनिक वोटरों को लुभाने की काट माना जा रहा है। इसका अन्दाजा इसी बात से हो रहा है कि शहीद स्मारक अनावरण कार्यक्रम में वे बिना नाम लिए भाजपा पर जमकर बरसे और आरोपों की झड़ी लगाते नजर आये। उन्होंने कहा कि विपक्षी शहीदों को लेकर राजनीति खेलते हैं, जबकि केदारनाथ विधायक शहीदों की मूर्तियों को उनकी जन्मभूमि के विद्यालयों में लगवाने का कार्य कर रहे हैं। इससे न केवल शहीद को वास्तविक सम्मान मिलेगा, बल्कि युवा पीढ़ी उनसे देश सेवा के लिए समर्पण की प्रेरणा भी लेगी। उन्होंने कहा कि शहीदों की मूर्ति राजस्थान जैसे प्रदेश से बनाई जा रही हैं, जिसकी मिट्टी में अपने देश के लिए मर मिटने का जज्बा पैदा किया है। उन्होंने शासन-प्रशासन पर उनके इस कार्यक्रम को फेल करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके निवेदन के बावजूद न तो रुद्रप्रयाग स्थित सेना कैम्प से कार्यक्रम में सैनिक बैण्ड आया और ना ही सैनिक कल्याण बोर्ड का कोई अधिकारी। यहां तक कि प्रशासन की ओर से भी किसी अधिकारी ने कार्यक्रम में आने की जहमत नहीं उठाई। कहा कि शासन-प्रशासन उनके द्वारा किए जा रहे जनकल्याण के कार्यों से घबराकर अब विधायक निधि पर भी शिकंजा कस रहा है। केदारनाथ विधानसभा में स्वास्थ्य सेवाओं के सुधार के लिए विभिन्न अस्पतालों में अति आधुनिक उपकरणों के लिए उन्होंने विधायक निधि से डेढ़ करोड़ रूपए की धनराशि अवमुक्त की है, लेकिन टेण्डर प्रक्रिया हो जाने के बावजूद टेंडर को खोला नहीं जा रहा है। यही नहीं अन्य विकास कार्यों के लिए भी दी जा रही धनराशि को भी बिना बात के लटकाया जा रहा है।
![](https://rudraprayagpost.in/wp-content/uploads/2022/01/image_editor_output_image292183034-1641552466601.jpg)