भारत रथ यात्रा के रुद्रप्रयाग पहुंचने पर शिक्षकों ने किया जोरदार स्वागत
खांकरा से सुमेरपुर तक दुपहिया वाहन रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी,
5 अक्टूबर को सिटी फोर्ट आडिटोरियम दिल्ली में होगा यात्रा का समापन
रुद्रप्रयाग। अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के आह्वान पर पुरानी पेंशन बहाली आन्दोलन के तहत चल रही भारत रथ यात्रा के जनपद रुद्रप्रयाग में पहुंचने पर शिक्षकों ने जोरदार स्वागत किया। इस दौरान शिक्षकों ने खांकरा से सुमेरपुर तक दुपहिया वाहन रैली निकालकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। 5 अक्टूबर को सिटी फोर्ट आडिटोरियम दिल्ली में यात्रा का समापन होगा।

गत पांच सितम्बर को अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने पुरानी पेंशन बहाली जैसे ज्वलंत व समाजिक सुरक्षा से जुड़े राष्ट्रीय मुद्दे को लेकर भारत यात्रा शुभारंभ किया गया। शुक्रवार को यात्रा ऋषिकेश से शुरू होकर श्रीनगर गढ़वाल होते हुए रुद्रप्रयाग की सीमा खांकरा में पहुंची। जिसके बाद उत्तराखण्ड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह झिंक्वाण के नेतृत्च में शिक्षक खांकरा पहुंचे, जहां खांकरा धार में शिक्षकों ने भारत यात्रा का भव्य स्वागत किया।

जिसके बाद शिक्षकों ने दुपहिया वाहन रैली निकाली। दुपहिया वाहन रैली मुख्य बाजार होते हुए रात्रि विश्राम के लिए सुमेरपुर पहुंची। इस दौरान शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर पेंशन बहाली की मांग की। इस यात्रा के माध्यम से पूरे देश में कर्मचारी शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना बुढ़ापे का सहारा के बारे मे संदेश देकर भारत सरकार को इसे शीघ्र लागू करने की मांग की जाएगी। यात्रा में अखिल भारतीय प्राथमिक शिक्षक संघ के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष डा. रामचन्द्र, दिल्ली प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के सचिव दीपक पंत, प्राथमिक शिक्षक संघ हरियाणा के प्रदेश महामंत्री तरुण सुहाग समेत कई प्रदेशों के पदाधिकारी शामिल है। यात्रा का स्वागत करने में जिलाध्यक्ष विक्रम झिंक्वाण, राशिसं के जिलाध्यक्ष नरेश भट्ट, दिनेश भटट, रघुवीर बुटोला, वीरेन्द्र कठैत, दिनेश रौथाण, लक्ष्मी नेगी, अनूप नेगी, त्रिलोचन रावत, राकेश नैनवाल समेत बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल थे।
