देश और प्रदेश में बनी स्थिति, चिंता का विषय: रावत,
कांग्रेस के 139वें स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं ने शहीद अशोक को दी पुष्पांजलि,
पहाड़ का जल, जंगल और जमीन बेच रही सरकार
ऊखीमठ। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की 139वां स्थापना दिवस कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। इस दौरान नगर क्षेत्र ऊखीमठ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलनकारी अमर शहीद अशोक कैशिव के स्मारक पर माल्यापर्ण व पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने कहा कि पूरे देश में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की 139वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया जा रहा है। कांग्रेस ने हमेशा ही देश का भला सोचा हैै। आज के समय में जिस तरह से देश और प्रदेश की स्थिति बनी है, वह किसी चिंता से कम नहीं है। हमें अभी भी सोचना होगा कि डबल इंजन की सरकार ने देवभूमि उत्तराखण्ड को बर्बाद करके रख दिया है। यहां बड़े-बड़े उद्योगपति आकर यहां की भोलीभालि जनता को बेवकूफ बनाकर उनकी जमीनों पर कब्जा कर रही है। पहाड़ का जल, जंगल और जमीन सबकुछ बिक रहा है और यहां के लोगों को रोजगार के लिए बाहरी प्रदेशों में भटकने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
कांग्रेस व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री आनन्द सिंह रावत ने केन्द्र व प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई आज चरम है और युवा रोजगार के लिए दर-दर भटकने के लिए मजबूर बना हुआ है। ऊर्जा प्रदेश में अघोषित बिजली कटौती से जनता परेशान है। पर्यटन और तीर्थाटन को बढ़ावा देने का ढिंढोरा पीटने वाली प्रदेश सरकार आज युवाओं की रोजी-रोटी के साथ खिलवाड़ कर रही है। चोपता-तुंगनाथ में स्थानीय लोगों को रोजगार छीना जा रहा है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को आगामी लोक सभा व नगर निकाय चुनावों में जुटने का आहवान किया। कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रदीप धर्मवाण ने कहा कि हर कार्यकर्ता को अभी से आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटना होगा तथा बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूती देने के लिए प्रयास करना होगा। इस मौके पर कांग्रेस सेवादल के पूर्व जिलाध्यक्ष रणजीत रावत, कैलाश पुष्वाण, दिनेश चन्द्र सेमवाल, सुरेन्द्र पुष्वाण, धर्मेन्द्र पुष्वाण सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।